नई दिल्ली: भीषण गर्मी को देखते हुए मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए ‘रेड वॉर्निंग’ जारी की है। यानी अगले दो दिनों तक पारा 45 डिग्री के पार जा सकता है। 

मौसम विभाग वातावरण को चार कलर कोड में बांटकर देखता है। जिसमें से सबसे खतरनाक ‘रेड वार्निंग’ है। इसके अलावा एंबर, यलो, ग्रीन कोड भी जारी किए जाते हैं। 

साथ ही एक और बुरी खबर ये भी है कि इस बार मॉनसून भी देशवासियों को गर्मी से ज्यादा राहत नहीं दे पाएगा। 

इस बार मॉनसून उत्तर और दक्षिण भारत में सामान्य से कम रहने की आशंका है। जबकि मध्य भारत में मॉनसून अपने सामान्य रहने की संभावना है।

इस बार मॉनसून 5 दिनों की देरी से केरल के तट पर पहुंचने की आशंका है। केरल तट पर मॉनसून 6 जून को टकराएगा। 

मौसम विभाग ने यह भी जानकारी दी है कि जुलाई के महीने में बारिश सामान्य से कम रहेगी। जबकि अगस्त में अच्छी बारिश होने की संभावना है। 

मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमोत्तर भारत में मानसून की अवधि में 94 फीसद बारिश होने के आसार हैं। जबकि मध्य भारत में मानसून  100 फीसद रह सकता है। लेकिन पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में मानसून 91 फीसदी ही रने की आशंका है। 

मौसम विभाग ने पूरे देश को चार भागों में बांट रखा है। इसके उत्तर-पश्चिम भारत उप-मंडल में दिल्ली,कश्मीर,पंजाब, हिमाचल जैसे राज्य आते हैं। 

जबकि मध्य भारत उपखंड में मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गोवा, गुजरात और छत्तीसगढ़ जैसे राज्य हैं। 

पूर्वोत्तर उपखंड में पश्चिम बंगाल, बिहार, ओडिशा, झारखंड और पूर्वोत्तर के सातो राज्य आते हैं। 

जबकि दक्षिणी हिस्से में केरल, तमिलनाडु,आंध्र प्रदेश,तेलंगाना, कर्नाटक और पुदुचेरी आते हैं।