कौशांबी. यहां एक महिला को उसके पति की गुटखा खाने की आदत का विरोध करना भारी पड़ा। कहासुनी के दौरान महिला ने पति को थप्पड़ मार दिया। इससे आहत पति ने अपने भाईयों के साथ मिलकर पत्नी को पीट-पीटकर मार डाला। पुलिस के सामने मृतका के बेटे ने बयान दिया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। आरोपी पति को पुलिस ने हिरासत में लिया है। पूछताछ जारी है। 

कोखराज थाना इलाके के परसरा गांव निवासी राजेंद्र तिवारी ने अपने बेटे मनोज तिवारी की शादी साल 2011 में पौर काशीरामपुर (अलवारा) थाना महेवाघाट में शत्रुघ्न दुबे की बेटी संगीता (36) से की थी। जिनके दो बच्चे 4 वर्षीय अंश और 1 साल की प्रियंजल है। सोमवार की देर शाम मनोज ने पास की दुकान से संगीता को गुटखा लाने के लिए कहा। संगीता ने गुटखा न खाने की बात कहते हुए जाने से मना कर दिया। 

इससे दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। तभी संगीता ने पति मनोज को एक थप्पड़ जड़ दिया। मनोज को यह बात काफी नागवार गुजारी। मंगलवार सुबह संगीता की उसके कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिली। मौत की सूचना पाकर मायके वाले पहुंचे और पुलिस बुला ली। तफ्तीश के दौरान पुलिस को संगीता के बेटे अंश ने बताया कि, पिता ने अपने भाईयों के साथ मिलकर मां को इतना मारा कि, उसकी मौत हो गई। 


बेटे के बयान के आधार पर पुलिस ने मनोज को मौके से ही अपनी कस्टडी में ले लिया है। कोखराज पुलिस अब संगीता के पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इन्तजार कर रही है। एएसपी अशोक कुमार ने बताया कि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई होगी।