धोनी ने फाइनेंशियल इयर 2017-18 में 12 करोड़ 17 लाख का टैक्स भरा है।धोनी की तरफ से जमा कराया गया टैक्स बिहार-झारखंड क्षेत्र में सबसे ज्यादा है। बिहार-झारखंड के इनकम टैक्स मुख्यालय के सीनियर अधिकारियों ने धोनी की तरफ से दिए टैक्स की राशि की पुष्टि की है।
इससे पहले 2016-17 के फाइनेंशियल इयर में महेंद्र सिंह धोनी ने 10 करोड़ 93 लाख रुपये टैक्स जमा किया था। धोनी 2013-14 में भी इस इलाके में सबसे ज्यादा टैक्स देने वाले शख्स थे। फोर्ब्स की तरफ से जारी किए जाने वाले सितारो की कमाई की लिस्ट के मुताबिक साल 2015 में कैप्टन कूल की नेट वर्थ करीब 765 करोड़ रुपये था। उस साल धोनी ने करीब 217 करोड़ रुपये कमाए थे। 
कैप्टन कूल महेंद्र सिंह धोनी ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया है और इंटरनेशनल स्तर पर कप्तानी भी छोड़ दी है। महेंद्र सिंह धोनी भारत के लिए वनडे और टी20 में ही खेलते हैं। इस साल उनकी कप्तानी में ही चेन्नै सुपर किंग्स ने इंडियन प्रीमियर लीग जीता था। 
धोनी का सात नंबर से खास लगाव है। उन्होंने 2017 में अपनी कपड़े की ब्रैंड 'सेवन' भी शुरू की थी। अब वह रांची में एक फाइव स्टार होटल बनाना चाहते हैं, इसके लिए उन्होंने राज्य सरकार से मंजूरी मांगी है। इसके अलावा माही ने 'फिटसेवन' के नाम से देश-विदेश में जिम की एक चेन खोली है।