इमरान खान...। ये नाम जेहन में आते ही एक ऐसे पाकिस्तानी क्रिकेटर का चेहरा उभरता है, जो अपने खेल, लुक और बिंदास जीवनशैली के चलते सबसे चर्चित खिलाड़ी रहा। उसने 1970 से 1992 तक क्रिकेट की दुनिया में राज किया। पाकिस्तान को विश्वकप दिलाया। इतने वर्षों में इमरान को लेकर सामने आई कहानियों पर भरोसा करें तो वह न सिर्फ मैदान में सबका दिल जीत लेते थे बल्कि मैदान के बाहर भी लड़कियों का दिल चुराने में उनका कोई मुकाबला नहीं था। खान के समकालीन सुनील गावस्कर ने एक बार कहा था, 'रिटायरमेंट के बाद की जिंदगी चलाने के लिए चैरिटी मैच की जरूरत नहीं होगी, उन्हें बस इमरान खान को महिलाओं के बीच नीलाम करने की जरूरत है।' 

क्रिकेट मैदान को छोड़ देने के इतने वर्षों बाद भी इमरान खान पाकिस्तान की रहस्यमयी शख्सियतों में से एक बने हुए हैं। उनके किस्से और कहानियां लोग सुनना चाहते हैं। इमरान ने जितना क्रिकेट के मैदान पर अपने चाहने वालों को चौंकाया, उतना ही हैरान निजी जिंदगी और प्रेम संबंधों से भी किया। 

इमरान के बारे में कहा जाता है कि वह मैदान पर भले ही कितने भाग्यशाली रहे हों, प्यार में हमेशा बदकिस्मत रहे। इमरान की जिंदगी में ठहराव की कमी हमेशा बनी रही। उनकी दूसरी पत्नी रेहम खान की ऑटोबायोग्राफी में इस क्रिकेटर की जिंदगी के बारे में कई विवादास्पद खुलासे किए गए हैं। इसमें रेहम ने इमरान पर अवैध और समलैंगिक संबंध रखने का आरोप लगाया है। इन सनसनीखेज खुलासों से पाकिस्तान में हंगामा मचा हुआ है। शायद यही वजह है कि इमरान की जिंदगी में आई महिलाओं और उनके प्रेम संबंधों पर नजर दौड़ाना लाजिमी हो जाता है। 

बेनजीर भुट्टोः ये कहानी ऑक्सफोर्ड के दिनों में शुरू हुई। उनके रिश्ते काफी स्थिर थे। क्रिस्टोफर स्टेंडफोर्ड ने पाकिस्तान के इस क्रिकेट आइकन की बायोग्राफी 'इमरान खान' में खुलासा किया है कि दोनों के रिश्तों को भविष्य में काफी गंभीरता से देखा जा रहा था। स्टेंडफोर्ड के मुताबिक, इमरान की मां चाहती थीं कि इमरान और बेनजीर निकाह कर लें। 

जीनत अमानः ये वो दौर था, जब इमरान क्रिकेट के मैदान में चमक बिखेर रहे थे और जीनत अमान सिनेमा के रूपहले पर्दे को रोशन कर रहीं थीं। इमरान बॉलीवुड की इस हसीना में काफी दिलचस्पी ले रहे थे। पाकिस्तानी टीम के भारत दौरे में इमरान और जीनत की मुलाकातों ने काफी चर्चा बटोरी थी। 

कारेन विशार्टः ऑक्सफोर्ड में पढ़ाई के दौरान इमरान खान का नाम कुछ समय के लिए कारेन विशार्ट के साथ भी जुड़ा। हालांकि यह कहानी बहुत ज्यादा समय तक नहीं चल पाई। 

एम्मा सर्जेंटः इस प्रख्यात कलाकार के साथ इमरान ने चार साल तक प्यार की पींगे बढ़ाईं। 

सीटा वाइटः मीडिया की सुर्खियां बने इमरान के सभी प्रेम संबंधों में सीटा वाइट के साथ उनके रिश्ते कुछ अलग कारणों से ही चर्चित रहे। 1990 में इस रिश्ते के चलते इमरान को कानूनी लड़ाई का सामना करना पड़ा। पितृत्व परीक्षण से यह भी साबित हो गया कि इमरान सीटा की बेटी टाइरियान व्हाइट के पिता हैं। 

जेमिमा गोल्डस्मिथः 1992 में पाकिस्तान की विश्वकप जीत के बाद इमरान की लोकप्रियता आसमान पर पहुंच गई थी। बुलंदी के इसी दौर में 1993 में इमरान जेमिमा गोल्डस्मिथ से मिले। जेमिमा ने अपना सबकुछ छोड़कर इस्लाम अपनाया और इमरान से निकाह कर पाकिस्तान आ गईं। हालांकि नौ साल चली शादी के बाद यह जोड़ा अलग हो गया। जेमिमा से इमरान को दो बच्चे हुए। 

रेहम खानः इमरान ने राजनीतिक पारी शुरू करने के बाद बीबीसी के लिए काम करने वाली रेहम खान से साल 2015 में दूसरी शादी की। उम्मीद की जा रही थी कि उनकी ये शादी लंबी चलेगी। लेकिन महज 10 महीने के निकाह के बाद यह जोड़ा अलग हो गया। अलगाव के बाद रेहम ने पूर्व क्रिकेटर और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी के संस्थापक इमरान पर कई सनसनीखेज आरोप लगाए। इन दिनों रेहम अपनी ऑटोबायोग्राफी को लेकर सुर्खियों में हैं। इसमें इमरान की निजी जिंदगी को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे किए गए हैं। 

बुशरा मनेकाः एक कहावत है...तीसरी बार भाग्यशाली। शायद यही वजह है कि इमरान ने फरवरी 2018 में अपनी धार्मिक मार्गदर्शक बुशरा मनेका से निकाह कर सबको हैरत में डाल दिया। हालांकि ऐसा लगता है कि इमरान और शादी का मेल मुश्किल है। अब उनकी बुशरा से भी अनबन की खबरें आ रही हैं। (सब्यसाची रॉय चौधरी की रिपोर्ट)