भारत के 16 वर्षीय निशानेबाज सौरभ ने पिस्टल निशानेबाजी में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। इंडोनेशिया के जकार्ता में चल रहे18वें एशियाई खेलों में मंगलवार को सौरभ ने पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल निशानेबाजी स्पर्धा में स्वर्ण पदक प्रप्त किया। भारत के 16 वर्षीय निशानेबाज सौरभ ने पदार्पण करने के साथ ही स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। यह भारत की झोली में तीसरे दिन गिरा पहला और कुल तीसरा स्वर्ण पदक है।

इसके अलावा इस स्पर्धा में एक अन्य निशानेबाज अभिषेक वर्मा ने कांस्य पदक हासिल किया। सौरभ ने एशियाई खेलों में इस स्पर्धा का रिकॉर्ड तोड़ते हुए कुल 240.7 अंक हासिल किए और सोना जीता। अभिषेक ने फाइनल में शीर्ष-3 में जगह बनाई और अंत में कुल 219.3 अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल कर कांस्य पदक जीता।

अब तक भारत की झोली में 7 मेडल आ चुके हैं। सौरभ से पहले कुश्ती में बजरंग पूनिया और विनेश फोगोट ने गोल्ड मेडल हासिल किया। पदक तालिका में भारत अब 7वें स्थान पर है।
इससे पहले भारत को पहला स्वर्ण 65 किलोग्राम वर्ग में पहलवान बजरंग पुनिया ने दिलाया। फ़्रीस्टाइल कुश्ती में बजरंग पुनिया ने जापान के दईची तकतानी को मात दी। 24 साल के पुनिया हरियाणा के झज्जर से हैं।

एशियाई खेलों के दूसरे दिन भारतीय महिला पहलवान ने इतिहास रचते हुए स्वर्ण पदक पर अपना कब्जा जमाया। महिला पहलवान विनेश फोगाट ने उम्मीदों को पूरा करते हुए महिलाओं की 50किलोग्राम फ्रीस्टाइल स्पर्धा के फाइनल में जापान की इरि युकी को 6-2 से मात देकर पहला स्वर्ण पदक अपेन नाम किया।