रोहित शर्मा के पास वेस्टइंडीज के खिलाफ चौथे वनडे मुकाबले में अपने एकदिवसीय करियर का चौथा दोहरा शतक जड़ने का  पूरा मौका था लेकिन वह इसे चूक गए। हालांकि अपनी 162 रन की पारी के दौरान टीम इंडिया के 'हिट मैन' कहे जाने वाले रोहित ने कई रिकॉर्ड अपने नाम किए।

छक्कों के मामले में सचिन तेंदुलकर से आगे

उनकी पारी का एक रिकॉर्ड सर्वाधिक छक्के जड़ने के मामले में सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ना भी है। अपनी 162 रन की पारी के दौरान रोहित ने चार छक्के लगाए और अपने कुल वनडे छक्कों की संख्या 198 पर पहुंचा दी। अब वह वनडे में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाजों की सूची में महेंद्र सिंह धोनी (281 पारियों में 218 छक्के) के बाद दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। अपनी 186वीं पारी खेल रहे रोहित ने तेंदुलकर (452 पारियों में 195 छक्के) को पीछे छोड़ा। अब उन्हें छक्कों का दोहरा शतक पूरा करने के लिए केवल दो छक्कों की दरकार है जहां अभी तक दुनिया के केवल छह बल्लेबाज पहुंच पाए हैं। 

सात पारियों में 150 से ज्यादा रन बनाने का कारनामा

वनडे में 264, 209 और नाबाद 208 की पारियां खेल चुके रोहित चौथा दोहरा शतक पूरा करने की स्थिति में दिख रहे थे लेकिन शार्ट थर्डमैन पर कैच के साथ उनकी आकर्षक पारी का अंत हो गया, लेकिन वह अपना पांचवां सर्वाधिक स्कोर बनाने में सफल रहे। यही नहीं रोहित ने वनडे में सातवीं बार 150 या इससे अधिक का स्कोर बनाया। इस तरह से उन्होंने अपने रिकॉर्ड को और मजबूत कर लिया है। तेंदुलकर और डेविड वार्नर ने पांच-पांच जबकि क्रिस गेल, हाशिम अमला, विराट कोहली और सनथ जयसूर्या ने चार-चार बार 150 या इससे अधिक का स्कोर बनाया। 

एक सीरीज में दो बार 150 से ज्यादा रन

वेस्टइंडीज के खिलाफ वर्तमान सीरीज में दूसरी बार रोहित ने 150 से अधिक रन बनाए। उन्होंने गुवाहाटी में पहले वनडे में 152 रन बनाए थे। रोहित से पहले केवल जिम्बाब्वे के हैमिल्टन मास्कादजा ने एक श्रृंखला में दो बार 150 से अधिक रन बनाएथे। उन्होंने कीनिया के खिलाफ 2009 में यह कारनामा किया था। रोहित की 162 रन की पारी वेस्टइंडीज के खिलाफ किसी भारतीय का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर भी है। यह रिकॉर्ड वीरेंद्र सहवाग के नाम पर है जिन्होंने 2011 में इंदौर में 219 रन बनाए थे। 

छह साल से लगातार सबसे बड़ी पारी

रोहित की 162 रन की पारी वर्तमान कैलेंडर वर्ष में किसी भारतीय का वनडे में सर्वाधिक स्कोर है। दिलचस्प बात यह है कि 2013 से लेकर अब तक छह वर्षों में हर वर्ष रोहित के नाम पर ही सर्वोच्च व्यक्तिगत पारी का रिकॉर्ड रहा। रोहित ने 2013 में 209 रन, 2014 में 264 रन, 2015 में 150 रन, 2016 में नाबाद 171 रन और 2017 में नाबाद 208 रन बनाए थे, जो इन वर्षों में किसी भारतीय का वनडे में सर्वोच्च स्कोर था। भारत को इस वर्ष अब केवल एक वनडे (वेस्टइंडीज के खिलाफ वर्तमान श्रृंखला का आखिरी मैच) खेलना है।