नई दिल्ली। देश में तीसरी बार मोदी सरकार के आने के बाद ऐसा लग रहा है कि आंध्र प्रदेश, अमरावती और राज्य के भावी CM चंद्रबाबू नायडू के अच्छे दिन आ गए हैं। 12 जून को चंद्रबाबू नायडू अमरावती में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे, लेकिन, इससे पहले ही इस शहर में जमीन का रेट 3 दिन में दोगुना हो गया हैं। दरअसल, चंद्रबाबू नायडू ने अमरावती को आंध्र प्रदेश की हरित राजधानी के तौर पर विकसित करने की बात कही है। ऐसे में यहां प्रॉपर्टी के रेट में तेजी से इजाफा हुआ है।

 

चंद्रबाबू नायडू ने 10 साल पहले की थी घोषणा
चंद्रबाबू नायडू 2014 से 2019 तक राज्य के मुख्यमंत्री रहे। उस समय चंद्रबाबू नायडू ने अमरावती को राजधानी बनाने का प्रस्ताव रखा था। उन्होंने ग्रीनफील्ड राजधानी अमरावती को पर्यावरण के दृष्टिकोण से और समृद्ध बनाने का सपना देखा था। यह शहर विजयवाड़ा और गुंटूर शहर के बीच स्थित है और इसमें 29 गांव शामिल हैं।

चुनाव के बाद से जमीन के रेट में तेजी
टीओआई की एक रिपोर्ट के अनुसार लोकसभा चुनाव 2024 के रिजल्ट के बाद आंध्र प्रदेश के अमरावती शहर में रियल एस्टेट की कीमतों में 50 से 100 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। चूंकि चंद्रबाबू नायडू शुरू से ही अमरावती शहर को राजधानी के रूप में विकसित करने में रुचि रखते हैं, इसलिए अगर आने वाले दिनों में यह घोषणा की जाती है, तो इससे अमरावती को बहुत फायदा होगा। इस संभावना के कारण अमरावती में जमीन और संपत्ति के रेट में तेजी से वृद्धि होती दिख रही है।

 

अमरावती में  जमीन के क्या हैं रेट?

  1. वर्ष 2019 में अमरावती में जमीन के रेट 25,000 से 60,000 वर्गगज थे।
  2. जगन मोहन रेड्डी की सरकार बनने के बाद कीमतें 9000 रुपये से 18,000 रुपये प्रति वर्ग गज तक पहुंच गईं।
  3. अब चंद्रबाबू नायडू के सत्ता में वापस आने के बाद यहां जमीन का रेट 30,000 से 60,000 रुपये प्रति वर्गगज हो गया हैं।

 

इन इलाकों में सबसे ज्यादा मांग
अमरावती में एजूकेशनल इंस्टीट्यूट, हाईकोर्ट, विधानसभा, सचिवालय और केंद्र सरकार के संस्थानों के पास जमीन की सबसे ज्यादा मांग है। रिटेलर्स, ब्रोकर्स और किसानों को जमीन खरीदने के लिए अमेरिका, ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों से ऑफर मिल रहे हैं।

 

पीएम मोदी पर टिकी किसानों की उम्मीद
शहर के किसानों को उम्मीद है कि 12 जून 2024 को चंद्रबाबू नायडू मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे और पीएम नरेंद्र मोदी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। अगर इस मौके पर अमरावती को लेकर कोई बड़ी घोषणा होती है तो यहां जमीन के रेट में और इजाफा होगा। इससे पहले 2019 में पूर्व CM वाईएस जगन मोहन रेड्डी द्वारा 3 राजधानियों की योजना की घोषणा के बाद अमरावती में जमीन की कीमतों में गिरावट आई थी, लेकिन अब सरकार के साथ-साथ तस्वीर भी बदल गई है।


ये भी पढ़ें...
Jio 5G Smartphone: इतना सस्ता कि प्राइज सुनकर भौचक रह जाएंगे आप