नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय से पढ़ाई करने के बाद टाटा मोटर्स की डीलरश‍िप से अपने करियर की शुरुआत की, आज 2690 करोड़ रुपये के कारोबार के मालिक हैं। हम बात कर रहे हैं दिल्ली के जाने-माने बिजनेसमैन संजय पासी की। वह पास्को ग्रुप के चेयरमैन हैं, जो आज भारत की प्रमुख ऑटोमोबाइल डीलरशिप कंपनियों में से एक है। आइए, जानते हैं संजय पासी की सक्सेस स्टोरी।

शुरू से बनना चाहते थे बिजनेसमैन

संजय पासी का जन्म एक सामान्य परिवार में हुआ था। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के हंसराज कॉलेज से बी.कॉम (ऑनर्स) की डिग्री हासिल की। पढ़ाई के दौरान ही उनकी कुछ बड़ा करने की तमन्ना थी। वह हमेशा से ही एक बिजनेसमैन बनना चाहते थे। पढ़ाई पूरी करने के बाद, उन्होंने बिना समय गवाएं अपने फैमिली बिजनेस में कदम रखा।

टाटा मोटर्स की ​डीलरशिप का बिजनेस

संजय पासी के परिवार का पहले से ही टाटा मोटर्स के साथ एक डीलरश‍िप का व्यवसाय था। लेकिन इस व्यवसाय को आगे बढ़ाने और एक बड़े स्तर पर ले जाने की जिम्मेदारी संजय ने उठाई। चंडीगढ़ में स्थित इस डीलरशिप को संभाला और इसे सिर्फ एक सफल वेंचर ही नहीं बनाया, बल्कि करोड़ों के कारोबार में तब्दील कर दिया।

1967 में बनी कंपनी, अब 2,690 करोड़ टर्नओवर

संजय पासी के नेतृत्व में पास्को ग्रुप ने ऊंचाइयों को छुआ। 1967 में स्थापित यह कंपनी आज मारुति सुजुकी और टाटा मोटर्स जैसे ब्रांडों की डीलरशिप करती है। यह कंपनी मुख्य रूप से प्राइवेट और कॉमर्शियल व्हीकल की बिक्री के लिए जानी जाती है। साल 2021-22 में पास्को ग्रुप का टर्नओवर 2,690 करोड़ रुपये था, जो संजय की कड़ी मेहनत का नतीजा है।

पिता के बिजनेस को बढ़ाया

टाटा मोटर्स की डीलरश‍िप से शुरुआत करने के बाद, संजय पासी ने जल्द ही ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री में एक प्रमुख पहचान बना ली। उन्होंने अपने पिता के व्यवसाय को केवल पैसेंजर व्हीकल्स तक सीमित नहीं रखा, बल्कि इसे कमर्शियल व्हीकल्स के क्षेत्र में भी विस्तार दिया। संजय के नेतृत्व में, पास्को ग्रुप ने कई बड़े ऑटोमोबाइल ब्रांड्स के साथ साझेदारी की और विभिन्न शहरों में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

मीडिया की चकाचौंध से दूर, पत्नी की वजह से फिर चर्चा में

संजय पासी मीडिया की चकाचौंध से दूर रहना पसंद करते हैं। वह कम बोलने और अपने काम पर अधिक ध्यान देने के लिए जाने जाते हैं। हालांकि, अपनी सक्सेस स्टोरी की वजह से वह चर्चा में बने रहते हैं। उनकी पत्नी शालिनी पासी ने हाल ही में नेटफ्लिक्स के शो 'फैबुलस लाइव्स ऑफ बॉलीवुड वाइव्स' के तीसरे सीजन में एंट्री की है, जिसके बाद से वह मीडिया में भी चर्चा का विषय बने हैं। उनका एक बेटा है, जिसका नाम रॉबिन पासी है।

ये भी पढें-Success Story: डॉक्टर बने IAS और फिर खड़ी की 26000 करोड़ की कंपनी, जानें कैसे?...