नई दिल्ली। मल्टीनेशनल कम्पनी टाटा संस के लीडर के रूप में मशहूर रतन टाटा (Ratan Tata) बिजनेस वर्ल्ड के दिग्गज हैं। उनकी अगुवाई में साल 1990 से 2012 तक टाटा ग्रुप दुनिया भर में एक नयी ताकत के रूप में उभरा। अब खबर आ रही है कि वह अगली पीढ़ी की बेटियों लिया, माया और भतीजे नेविल को बिजनेस इम्पायर संभालने के लिए तैयार कर रहे हैं। बीते साल 2 नवम्बर को नोएल टाटा (Noel Tata) के तीनों बच्चों लिया टाटा (Leah Tata), माया टाटा (Maya Tata) और नेविल टाटा (Neville Tata) को टाटा मेडिकल सेंटर ट्रस्ट (Tata Medical Center) में नियुक्त किया गया था। रिपोर्ट्स के अनुसार, नोएल टाटा के तीनों बच्चे रतन टाटा से भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के गुर सीख रहे हैं।

कौन हैं नोएल टाटा? (Who is Noel Tata)

साल 1957 में जन्मे नोएल नवल टाटा, ट्रेंट लिमिटेड और टाटा इन्वेस्टमेंट कॉरपोरेशन (Tata Investment Corporation) के अध्यक्ष हैं। टाटा इंटरनेशनल के एमडी, टाइटन कंपनी के वाइस चेयरमैन भी हैं। वह नवल टाटा की दूसरी पत्नी सिमोन टाटा के बेटे हैं। आपको बता दें कि​ सिमोन टाटा ने ही साल 2006 में ट्रेंट लिमिटेड की नींव रखी थी। नोएल टाटा को साल 2019 में टाटा मेडिकल सेंटर ट्रस्ट में जगह दी गई थी और सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट के 2022 में ट्रस्टी बने। उनकी दो बेटियां लिया, माया और बेटा नेविल है। 

लिया टाटा के बारे में जानिए (Who is Leah Tata)

नोएल टाटा की सबसे बड़ी बेटी लिया टाटा ने स्पेन के मैड्रिड के आईई बिजनेस स्कूल से मार्केटिंग की पढ़ाई की है। साल 2006 में ताज होटल रिजॉर्ट्स एंड पैलेसेज से कॅरियर की शुरुआत की। असिस्टेंट सेल्स मैनेजर के रूप में काम शुरु करने वाली लिया अब ताज ग्रुप आफ होटल्स चला रही हैं।

कौन हैं माया टाटा? (Who is Maya Tata)

रतन टाटा के सौतेले भाई नोएल टाटा और अलू मिस्त्री की बेटी माया टाटा ने ब्रिटेन के बेयस बिजनस स्कूल और वारविक विश्वविद्यालय से पढ़ाई की है। देखा जाए तो वह रतन टाटा के पिता नवल टाटा और सौतेली मां सिमोन टाटा की पोती हैं। माया ने अपने कॅरियर की शुरुआत टाटा अपॉर्चुनिटीज फंड से की थी, जो टाटा कैपिटल की सहायक कंपनी है। टाटा अपॉर्चुनिटीज फंड के अचानक बंद होने के बाद माया टाटा समूह की सहायक कंपनी टाटा डिजिटल से जुड़ीं। आपको बता दें कि माया टाटा की मां अलू मिस्त्री अरबपति पालोनजी मिस्त्री की बेटी हैं। उनके भाई साइरस मिस्त्री टाटा ग्रुप के अध्यक्ष रह चुके हैं। दुर्भाग्य से एक सड़क हादसे में उनकी मौत हो गई।

नेविल टाटा कौन हैं? (Who is Neville Tata)

नोएल टाटा के सबसे छोटे बेटे नेविल टाटा ने बेयस बिजनेस स्कूल से पढ़ाई की है। रिटेल चेन ट्रेंट लिमिटेड के हाइपरलोकल फूड का मैनेजमेंट देखते हैं। वेस्‍टसाइड, स्‍टार बाजार और लैंडमार्क स्‍टोर्स ट्रेंट ही चलाती है। फैशन रिटेल ब्रांड जूडियो स्टोर्स के ऑपरेशंस का काम भी यही कम्पनी देखती है। 

अब आप सोच रहे होंगे कि तीनों भाई-बहनों (लिआ, माया और नेविल) को टाटा ग्रुप के ट्रस्ट में नियुक्त किए जाने को इस तरह क्यों देखा जा रहा है? दरअसल, मई 2011 में इसकी शुरुआत की गई थी। यह एक धर्माथ ट्रस्ट है। जब इसके बोर्ड में इन तीनों युवाओं को जगह मिली तो इसे टाटा ग्रुप की अगली पीढ़ी के विकास से जोड़कर देखा जाने लगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इससे तीनों युवाओं को रतन टाटा का मार्गदर्शन प्राप्त हो सकेगा।

ये भी पढें-एलन मस्क की तरह इस IITian ने खड़ी की भारत की पहली प्राइवेट एयरोस्पेस कम्पनी, इसरो छोड़कर शुरु किया था काम