जम्मू: अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान की तरफ से लगातार हलचल देखी जा रही है। जिसे देखते हुए लगता है कि दुश्मन किसी बड़ी खुराफात करने की तैयारी में जुटा हुआ है। जम्मू में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तानी रेंजर्स की हलचल बहुत ज्यादा बढ़ गई है। वह आतंकवादियों की घुसपैठ कराने की फिराक में हैं। लेकिन भारतीय सुरक्षा बलों की मुस्तैदी के आगे उनकी एक नहीं चल रही है। 

पिछली दो रातों से अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान क्षेत्र में पाक रेंजर्स की बहुत ज्यादा गतिविधियां देखी गईं। रात के समय पाक सीमा के करीब कई  बडे़ वाहनों की आवाजाही होती रही। जिसकी आवाज दूर तक सुनाई दे रही थी। 

यह घटनाक्रम आरएस पुरा की अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान क्षेत्र का था। इस इलाके में रहने वाले गांव के लोगों ने बताया कि इस इलाके में पहले पाकिस्तान के रेंजर्स कम संख्या में दिखाई देते थे। लेकिन पिछले दो दिनों से यहां उनकी गतिविधियों में जबरदस्त इजाफा हुआ है। 

रात के समय पाकिस्तान की तरफ से कई बड़े वाहन इस इलाके आते हुए दिखे थे। जिसकी वजह से लगता है पाकिस्तान ने इस इलाके में अपने सुरक्षा बलों की संख्या बढ़ा दी है।

भारत की तरफ से भी सीमा सुरक्षा बल ने इस इलाके में गश्त बढ़ा दी है। क्योंकि पाकिस्तान की गतिविधियों को देखते हुए इस इलाके में कभी भी संघर्ष की शुरुआत हो सकती है। 

ऐसा कहा जा रहा है कि जम्मू कश्मीर में केन्द्र सरकार द्वारा उठाए गए कदमों से बाद से आतंकवादी और उनका शऱणदाता पाकिस्तान दोनों ही बेहद नाराज हैं। पाकिस्तान में बैठे आतंकवादी सरगना भारत में घुसकर आतंकवादी हमलों की फिराक में हैं। 

ऐसी खबरें आ रही हैं कि आतंकवादी भारतीय सीमा में घुसकर फिदायीन(आत्मघाती) हमला भी कर सकते हैं। इसके अलावा पाकिस्तान की बदनाम बॉर्डर एक्शन फोर्स यानी बैट के जवान भी भारतीय सेना के जवानों पर हमला करने की फिराक में लगे हुए हैं। 

पाकिस्तान के इन्हीं नापाक इरादों को रोकने लिए भारतीय सुरक्षा बल भी लगातार चौकस हैं।