मुजफ्फरनगर:   भाजपा के बड़बोले विधायक विक्रम सिंह सैनी ने विवादों को न्यौता दे दिया है। उन्होंने भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू और उनके परिवार पर आपत्तिजनक टिप्पणी की है।

विधायक ने भूतपूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू और उसके परिवार को ऐय्याश बताया है।  भाजपा विधायक विक्रम सिंह सैनी ने खतौली में प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर मनाए जा रहे सेवा सप्ताह कार्यक्रम के दौरान मौके पर मौजूद भीड़ को संबोधित करने के बाद मीडिया बातचीत की। 

 इस विधायक द्वारा  अपनी फेसबुक वाल पर भारत के भूत पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के खिलाफ एक पोस्ट लगाई थी। जिसके बारे में जब संवाददाताओं ने उनसे पूछा तो वह  नहीं मुकरे और भारत के पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू और उनके परिवार पर एक बार फिर विवादित टिप्पणी की। 

मामला खतौली विधानसभा क्षेत्र का है। जहां तहसील परिसर में पूर्व प्रस्तावित तहसील दिवस कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद के अधिकारी जन समस्याएं सुन रहे थे और तहसील दिवस कार्यक्रम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को लेकर जनपद में चलाए जा रहे सेवा सप्ताह के रूप में भी मनाया जा रहा था। 

इस दौरान विधायक विक्रम सिंह सैनी ने विवादित टिप्पणी की। इसके पहले भी विक्रम सिंह अपनी विवादित टिप्पणियों को लेकर चर्चा में रह चुके हैं।