देहरादून--उत्तराखंड में हुए शहरी निकाय चुनाव में अभी तक सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने महापौर की सात सीटों में से 5 सीटें जीत ली है। वहीं कांग्रेस के खाते में 2 सीटें गई है। 

मेयर पद पर जीतने वाले भाजपा के अन्य प्रत्याशी अनीता ममगाई (ऋषिकेश), उषा चौधरी (काशीपुर), रामपाल सिंह (रूद्रपुर) और जोगेंद्र रौतेला (हल्द्वानी) रहे. दो नगर निगमों में मेयर कांग्रेस के चुने गये जहां कोटद्वार और हरिद्वार में क्रमश: हेमलता नेगी और अनीता शर्मा ने जीत हासिल की।

निकाय चुनावों में कुल 84 में से अब तक घोषित 83 नगर निकाय अध्यक्ष पदों में से 25 पर कांग्रेस ने जीत हासिल की जबकि एक पद पर बहुजन समाज पार्टी बसपा ने जीत दर्ज की है। प्रदेश में सात नगर निगमों, 39 नगर पालिकाओं तथा 38 नगर पंचायतों सहित 84 नगर निकायों के लिये 18 नवंबर को मतदान हुआ था।

सत्तारूढ़ भाजपा ने मुख्य विपक्षी कांग्रेस को पीछे छोड़ते हुए राजधानी देहरादून के मेयर पद सहित 34 निकायों के अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की है। वहीं, निर्दलीय प्रत्याशियों ने चौंकाने वाला प्रदर्शन करते हुए 23 निकाय अध्यक्ष पदों पर कब्जा कर दोनों प्रमुख दलों को स्तब्ध कर दिया है। 

देहरादून नगर निगम के मेयर पद पर भाजपा प्रत्याशी और मुख्यमंत्री के बेहद करीबी सुनील उनियाल गामा ने कांग्रेस के उम्मीदवार और पूर्व कैबिनेट मंत्री दिनेश अग्रवाल को 35,000 से ज्यादा मतों से पराजित किया।

भारतीय जनता पार्टी के लिए सबसे बड़ा झटका डोईवाला नगर पालिका सीट पर भाजपा को झटका लगा है। डोईवाला नगर पालिका सीट पर कांग्रेस की प्रत्याशी सुमित्रा मनवाल ने 196 वोटों से जीत दर्ज की है। डोईवाला मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की विधानसभा सीट है। डोईवाला नगर पालिका में कांग्रेस की जीत पर भाजपा प्रत्याशी नगीना रानी ने फिर से वोटों की गिनती कराने की मांग की है।