मुजफ्फरपुर: उत्तर बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में देर शाम एक 14 साल की बालिका को चार युवकों ने दबोच लिया। वह मंगलवा की शाम के चार बजे घर से दूध लेने के लिए निकली थी। यह घटना हथौड़ी थाना क्षेत्र की है। 

दरिंदे उस लड़की को लेकर पास के बागीचे(गाछी) में लेकर गए। जहां उसके साथ बेरहमी से बलात्कार किया गया। आरोपियों ने लड़की का गला दबाकर उसकी हत्या की भी कोशिश की। लेकिन किस्मत से लड़की बच गई।  काफी देर तक लड़की के घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और खोजबीन शुरू की गई। इस क्रम में घर से आधा किमी दूर वह गंभीर हालत में मिली। घटना के बाद सभी आरोपी गांव से फरार हैं।

घटना को छिपाने के लिए उसका गला दबा हत्या का भी प्रयास किया। गंभीर हालत में परिजन उसे बोचहां पीएचसी ले गए जहां से उसे एसकेएमसीएच रेफर कर दिया गया है। मामले की सूचना परिवार के लोगों ने पुलिस को दी। 

लेकिन पुलिस समय पर नहीं पहुंची। इसके बाद परिजन पीड़िता को लेकर थाना पहुंच गए। पुलिस ने पीड़िता को इलाज के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया। यहां पीड़िता डरी सहमी है। उसके अंदरुनी अंग में भी जख्म होने की जानकारी डॉक्टर ने दी है। शरीर में भी कई जख्म है। उसके मुंह के अंदर गहरे जख्म है। 

उधर घटना की सूचना मिलने पर महिला इंस्पेक्टर आभा कुमारी एसकेएमसीएच पहुंची। उन्होंने डॉक्टर से युवती के बारे में जानकारी ली। युवती से पूछताछ करना चाहा, लेकिन बेहोश रहने के कारण युवती कुछ बता नहीं रही थी। 

 थानाध्यक्ष राजपत कुमार ने बताया कि प्रारंभिक छानबीन में गैंगरेप की घटना सामने आ रही है। आरोपितों को चिह्नित कर गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। वहीं देर रात डीएसपी पूर्वी गौरव पांडेय ने भी गांव जाकर जांच-पड़ताल की।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। इधर, गांव के लोगों ने बताया है कि घटना के बाद सभी आरोपी फरार है। घटना के बाद गांव के लोग भी सभी की तलाश करने आरोपियों के घर गए थे, लेकिन घर पर कोई नहीं था। इस घटना की वजह से पूरे गांव में तनाव का माहौल है।