लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को मजबूत करने की आलाकमान की कोशिशों से पहले ही पार्टी में बगावत दिखनी शुरू हो गई हैं। हालांकि अभी तक कांग्रेस ने किसी नए नेता के नाम का ऐलान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के लिए नहीं किया है। लेकिन कांग्रेस विधायक अजय कुमार लल्लू का नाम तेजी से उभर रहा है। अभी तक राज बब्बर ही पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हैं। लल्लू के नाम पर कांग्रेस नेता ने कहा अगर पार्टी को अब लल्लू-पंजू संभालेंगे तो पार्टी भी लल्लू पंजू हो जाएगी।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर के प्रदर्शन को लेकर काफी नाराज हैं। लोकसभा चुनाव में मिली हार के बाद प्रियंका ने ये नाराजगी जाहिर भी कर दी थी। क्योंकि जब से प्रदेश की कमान राज बब्बर को दी है तब से पार्टी का प्रदर्शन प्रदेश में गिरता जा रहा है।  लिहाजा अब कांग्रेस किसी नए नेता को प्रदेश की कमान सौंपने की तैयारी में है।

इसके लिए अभी तक कई नेताओं के नाम चर्चा में आए हैं लेकिन पार्टी ने किसी भी नाम पर सहमति नहीं बनी है। हालांकि बीच में चर्चा ये भी थी कि प्रियंका गांधी को पार्टी राज्य की भी कमान दे सकती है।अब इस दौड़ में सबसे आगे कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता अजय कुमार लल्लू का नाम चल रहा है।

पिछले दिनों प्रियंका गांधी के मिर्जापुर में धरने के मौके पर अजय कुमार मौजूद थे और प्रियंका के दौरों पर वह उनके साथ ही रहते हैं। लल्लू को कांग्रेस के तेज तर्रार नेता माना जाता है। लेकिन अब प्रदेश कांग्रेस के पिछड़ा वर्ग विभाग की बैठक में युवा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष तरुण पटेल ने अजय कुमार को प्रदेश अध्यक्ष बनाने की चर्चा को लेकर एक तरह से बगावत कर दी है।

बैठक में पटेल ने नेताओं के सामने कहा कि अगर केन्द्रीय नेतृत्व लल्लू-पंजू को प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष बनाती है, तो राज्य में पार्टी भी लल्लू-पंजू हो जाएगी। गौरतलब है कि प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष राज बब्बर कई बार अध्यक्ष का पद छोड़ने की बात कह चुके हैं और वह केन्द्रीय राजनीति में आना चाहते हैं।

वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के लिए जतिन प्रसाद, प्रमोद तिवारी, पीएल पुनिया समेत कई नेताओं का नाम चर्चा में रहा है। लेकिन पार्टी की कमान अभी तक किसी नए नेता को नहीं दी गई है। हालांकि पार्टी का एक धड़ा पिछड़े वर्ग से किसी नेता को इस पद पर नियुक्त करने की मांग कर रहा है।