लखनऊ। बुंदेलखंड इलाके में आतंक का दूसरा नाम बन चुके छह लाख का ईनामी डकैत बबुली कोल के मारे जाने की खबर है। यही नहीं बबली के साथ ही एक लाख रुपये का ईनामी डकैत और उसका साथी लवकेश कोल के मारे जाने की खबर है। माना जा रहा है कि इन दोनों की हत्या गैंग के ही सदस्य लाली कोल ने की है। बबली कोल उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश पुलिस के लिए सिरदर्द बना था और पिछले दिनों उसने एक किसान को अगवा किया था और फिरौती के लिए पचास लाख रुपये मांगे थे।

जानकारी के मुताबिक मध्य प्रदेश के सतना जिले के वीरपुर के जंगल में डकैतों के बीच गोलीबारी में इनामी डकैत बबुली कोल और लवकेश कोल मारे गए हैं। वीरपुर का जंगल की सीमा उत्तर प्रदेश से सटी हुई है। यहां पर कोल गिरोह के एक सदस्य लाली कोल ने दोनों की गोली मार कर हत्या कर दी है। इन दोनों के मारे जाने की खबर से दोनों राज्यों की पुलिस सक्रिय हो गई है और जंगल में सर्च अभियान चलाया जा रहा है।

कोल गिरोह का उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के बुंदेलखंड इलाके में आंतक था और वह काफी समय से दोनों राज्यों की पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था। माना जा रहा है कि गिरोह में वर्चस्व को लेकर चली आ रही लड़ाई के कारण लाली कोल ने बबुली कोल और एक लाख रूपए के इनामी लवकेश कोल की हत्या की है। हालांकि अभी तक पुलिस इस बारे में कुछ भी कहने से कतरा रही है।

कुछ दिन पहले ही बबुली कोल ने बांदा जिले से एक किसान का अपहरण किया था और उसके ऐवज में पचास लाख की फिरौती मांगी थी जबकि मध्य प्रदेश के सतना जिले में से भी  एक का अपहरण किया था। जिसके बाद फिरौती देने के बाद उसे छोड़ा गया था।