लखनऊ। देश के कई राज्यों में हो रही बारिश ने आम जनता का थाली को मंहगा कर दिया है। बारिश के कारण सब्जियों की कीमतों में जबरदस्त उछाल देखने को मिला रहा है। खासतौर से प्याज, टमाटर, अदरक और धनिया की कीमत आसमान छू रही है। वहीं आलू की कीमतों में इजाफा हुआ है। आमतौर से जिन राज्यों से अन्य राज्यों को सब्जियों की सप्लाई की जाती है, वो राज्य पूरी तरह से बाढ़ से प्रभावित हो रहे हैं। हालांकि पिछले दिनों केन्द्र सरकार ने भी प्याज की कीमतों में लगाम लगाने की बात कही थी।

असल में एशिया की सबसे बड़ी मंडी नासिक में बाढ़ का असर उत्तर प्रदेश समेत सभी राज्यों में देखा जा रहा है। नासिक में बाढ़ के कारण  प्याज की कीमतों में अचानक उछाल आ गया है। महाराष्ट्र और  मध्य प्रदेश से प्याज की सप्लाई पूरे देश में की जाती है। लेकिन बाढ़ के कारण गोदाम में रखा प्याज भी खराब हो गया है। जिसका सीधा असर प्याज की कीमतों में देखने को मिल रहा है।

वहीं अदरक, हरी धनिया व लहसुन की कीमतें कुछ ही दिनों में दोगुनी  हो गई हैं। धनिया की कीमत पांच रुपये तक पहुंच गई है जबकि अदकर का भी कुछ ऐसा ही हाल है। वहीं हिमाचल से आने वाले गोभी सहित अन्य सब्जियों के दामों में भी बढ़ोतरी हो रही है। हिमाचल भी बारिश के कारण प्रभावित हुआ है और यहां पर भूस्खलन के कारण सब्जियों से भरे ट्रक रास्ते में ही खड़े हैं।

जबकि महाराष्ट्र, गुजरात व मध्य प्रदेश में आयी बाढ़ ने सब्जियों के दामों में आग लगा दी है।  बारिश के कारण प्याज की कीमतें महज एक सप्ताह के दौरान दो गुनी हो गई हैं। हरा धनियां को बंगलौर से हवाई जहाज से लाया जा रहा है। जबकि अदरक भी कर्नाटक से लाया जा रहा है मध्य प्रदेश व राजस्थान से आने वाला लहसुन भी महंगा हो गया है। वहीं टमाटर, वीन्स, गोभी, खीरा भी सामान्य से तीन से चार गुना अधिक दामों में बिक रही हैं।