नई दिल्ली। देश के उत्तरी और पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश का कहर जारी है। मौसम विभाग ने भी इन राज्यों में अगले 24 घंटों के दौरान भारी बारिश की चेतावनी दी है। मौसम विभाग के मुताबिक हिमाचल, केरल, उत्तराखंड में भारी बारिश हो सकती है। वहीं मौसम विभाग ने ओडिशा, महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी समेत कई अन्य राज्यों में आज बारिश की चेतावनी है। इसके साथ ही विभाग ने पूर्वी राजस्थान, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ में अगले 24 घंटे में भारी बारिश की आशंका है।

पिछले कई दिनों से हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश काल बनी हुई है। उत्तरकाशी में बादल फटने से पिछले दो दिनों के दौरान 17 लोगों की जान चली गई वहीं हिमाचल प्रदेश में भी बारिश और भूस्खलन के कारण अब तक 27 लोगों की मौत होने की खबर है। मौसम विभाग ने इन दोनों राज्यों में अगले 24 घंटे को दौरान बारिश होने की आशंका जताई है। बारिश के कारण इन राज्यों में हजारों की संख्या में पर्यटक फंसे हुए हैं। बारिश के कारण सड़कें गायब हो गई हैं।

जिसके कारण वाहनों की आवाजाही बंद है। पर्यटक होटलों में फंसे हुए और खाने पीने की वस्तुओं की कमी हो रही है। वहीं मौसम विभाग के मुताबिक कर्नाटक के  चिक्कमगलुरु और दक्षिण कन्नड़ जिलों में भारी बारिश हो सकती है। हालांकि महाराष्ट्र गुजरात में बारिश के कारण लोगों को राहत मिली है। वहीं मानसून के सक्रिय रहने के कारण कोडागु, चिक्कमगलुरु और दक्षिण कन्नड़ जिले को पश्चिमी तट में तेज हवाओं के साथ तेज बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग ने बिहार, झारखंड और ओडिशा में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने की आशंका जताई है। विभाग का कहना है कि इन राज्यों में तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश होगी। जानकारी के मुताबिक अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में 45-55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। जिसके कारण तटवर्ती राज्यों में इसका असर देखने को मिलेगा।