नई दिल्ली। देश के दक्षिणी राज्यों में बारिश का कहर जारी है। केरल, महाराष्ट्र और तमिलनाडु में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। भारी बारिश के कारण महाराष्ट्र में करीब 2.5 लाख लोगों को सुरक्षित जगहों पर विस्थापित किया है। वहीं मौसम विभाग ने अगले दो दिन तक मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गोवा, महाराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक और केरल में भीषण बारिश होने की आशंका जताई है।

दक्षिणी राज्यों में खासतौर से केरल में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कोच्चि हवाई अड्डे को अगले तीन दिन के बंद कर दिया गया है। पूरे राज्य में तेज बारिश हो रही है और नदियां का जल स्तर तेजी से बढ़ रहा है। केरल के एर्नाकुलम, त्रिशुर, पठानमथिट्टा, मलप्पुरम जिलों में जोरदार बारिश के कारण भूस्खलन हो रहा है।

बाढ़ प्रभावित जिलों से कई लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। बारिश के कारण केरल सरकार ने राज्य भर के सभी स्कूलों में छुट्टी कर दी हैं। अभी तक 22,165 लोगों को सुरक्षित निकालकर 315 सुरक्षित कैंपों पर पहुंचाया गया है। मौसम विभाग ने मछुआरों को समुद्र में जाने की मना किया है, क्योंकि अनुमान है कि तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। राज्य में बारिश के कारण आठ लोगों की मौत होने की खबर है। 

यही नहीं बारिश के कारण महाराष्ट्र में लगभग 2.5 लाख बाढ़ प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है। राज्य के कोल्हापुर और सांगली जिलों में बारिश के कारण स्थिति गंभीर बनी हुई है। राज्य में लोगों की मदद के लिए सेना की मदद ली गयी है।

हालांकि मौसम खराब होने के कारण बाढ़ प्रभावित इलाकों से लोगों को एयरलिफ्ट नहीं किया जा सका है। वहीं नौसेना के बचाव दल की 12 टीमें कल रात सड़क मार्ग से सांगली के लिए रवाना हो गईं। पुणे जिले के नदी किनारे रहने वाले लोगों को अलर्ट कर दिया गया है। फिलहाल राज्य में अभी तक बाढ़ के कारण 16 लोगों की जान जा चुकी है।  

कर्नाटक के उत्तरी तटों के प्रभावित जिलों तथा मलनाड 43,858 लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है। फिलहाल अभी राज्य में नौ लोगों के मारे जाने की खबर आ रही है। जिनमें छह लोग बेलगावी जिले से हैं। फिलहाल मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा बेलगावी में राहत तथा बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं।