कासगंज—उत्तर प्रदेश के कासगंज में पिछले साल तिरंगा यात्रा के दौरान हुई हिंसा में मारे गए चंदन गुप्ता के नाम पर सरकार ने चौक बनाने का निर्णय लिया है। इसके अलवा सरकार ने चंदन के परिवार में किसी एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने का भी ऐलान किया है। 

दरअसल यूपी के कासगंज में पिछले साल 26 जनवरी को तिरंगा यात्रा के दौरान दो गुटों में झड़प हो गई थी। इस हिंसा में चंदन गुप्ता नाम के युवक की हत्या कर दी गई थी। जिसके कारण उस समय प्रदेश की राजनीति गर्मा गई थी। 

इस मामले में पुलिस ने 8 मुकदमे दर्ज कर 40 आरोपियों की गिरफ्तारी की थी। कुल 121 से ज्‍यादा लोगों को गिरफ्तार किया गया था। साथ ही पुलिस ने एक डीबीबीएल बंदूक, दो कारतूस, एक एसबीबीएल देशी, 4 कारतूस और 8 खोखा कारतूस बरामद किए थे।

पिछली बार की हिंसा को देखते हुए प्रशासन पहले से ही सतर्क थी। कासगंज कस्बे में पुलिस के जवानों को  चप्पे-चप्पे पर तैनात किया गया हैं। एहतियात के तौर पर कासगंज में पुलिस ने फ्लैगमार्च भी किया। शहर में कानून-व्‍यवस्‍था बनाए रखने के लिए पुलिस ने शुक्रवार को ही मोर्चा संभाल लिया था।

कासगंज के एसपी अशोक कुमार ने बताया कि 85 जगहों को चिन्‍ह‍ित कर पुलिस बल की तैनाती की गई है। पीएसी की दो कंपनी और एक आरएएफ की कंपनी शामिल है। करीब 250 जवानों का फोर्स बाहर के जनपदों से बुलाया गया है।

इससे पहले मृतक चंदन के पिता ने प्रशासन से तिरंगा यात्रा निकालने की इजाजत मांगी थी, लेकिन हालात बिगड़ने के अंदेशे में प्रशासन ने इजाजत देने से इनकार कर दिया। मृतक के परिजनों को पुलिस ग्राउंड में ही तिरंगा फहराने के लिए राजी कर लिया गया।