गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम जिले के नाथूपुर गांव में साड़ी चोरी के मामले में कहासुनी के दौरान 29 वर्षीय पिंटू सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपी अजय सिंह (50 वर्ष)को अरेस्ट कर लिया है। अजय ने युवक की सिर्फ इसलिए हत्या कर दी, क्योंकि उसे मृत युवक पिंटू पर शक था कि उसने पत्नी की साड़ी चुराई है। 

कहासुनी के बाद गार्ड ने झोंका फायर

जानकारी के अनुसार, मृत युवक पिंटू मूल रूप से बिहार का रहने वाला था। नाथूपुर गांव स्थित एक मकान में दोनों ही अलग-अलग कमरों में किराए पर रहते थे। घटना बीते 15 अगस्त की शाम की है। एक प्रत्यक्षदर्शी का कहना है कि दोनों के बीच शुरु हुई कहासुनी विवाद में बदल गई। उसी दौरान अजय सिंह ने अपनी बंदूक निकालकर पिंटू पर फायर कर दिया। पिंटू के साथ कमरे में रहने वाले प्रत्यक्षदर्शी का कहना है कि हमने अजय को रोकने का प्रयास किया। उसकी बंदूक छीनी। पर वह नहीं माना और दोबारा बंदूक छीनकर पिंटू पर फायर कर दिया। घायल पिंटू को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

पड़ोसी पर था पत्नी की साड़ी चुराने का शक

दरअसल, अजय सिंह की पत्नी की साड़ी गुम हो गई थी। अजय को शक था कि उसकी पत्नी की साड़ी पिंटू सिंह ने ही चोरी की है। इसी बात को लेकर व​ह पिंटू के कमरे पर पहुंचा और दोनों के बीच झगड़ा शुरु हो गया। पिंटू ने अजय सिंह को समझाने का प्रयास किया। पर अजय सिंह गुस्से से लाल—पीले हो रहे थे। उसकी बात से कन्वेंस नहीं हो रहे थे और बस, अपनी लाइेंसी बंदूक से पिंटू पर फायर कर​ दिया, गोली पिंटू के सीने को चीरती हुई पार हो गई। नतीजतन, मौके पर ही ​पिंटू की मौत हो गई।

फरार होने से पहले अरेस्ट

वारदात को अंजाम देने के बाद गार्ड अजय सिंह अपनी पत्नी के साथ फरार होने की फिराक में था। पर उसके पहले क्राइम ब्रांच ने आरोपी को डीएलएफ के यू ब्लॉक से अरेस्ट कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लाइसेंसी हथियार भी बरामद किया है। आरोपी अजय सिंह उत्तर प्रदेश का मूल निवासी है और साल 2002 में असलहे का लाइसेंस लिया था। वह गुरुग्राम स्थित एक पेट्रोल पम्प पर सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी कर रहा था। पुलिस आरोपी की क्राइम कुंडली खंगाल रही है। तलाश में पिंटू के घर से कोई साड़ी बरामद नहीं हुई है। 

ये भी पढें-IIT-IIM से नहीं बल्कि गांव का लड़का बना रहा ड्रोन कार, ई-बाइक बना मशहूर हो चुके हैं झारखंड के कामदेव...