लखनऊ। लखनऊ के अटल यानी भारत रत्न व देश के पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत अटल बिहारी वाजपेयी के शहर लखनऊ का मुख्य हजरतगंज चौराहा अब अटल चौराहा के नाम से जाना जाएगा। इसके लिए लखनऊ नगर निगम ने अटल बिहारी वाजपेयी की पहली पुण्यतिथि पर इसकी घोषणा की। इसके साथ ही लखनऊ में अटल उदय वन बनाया जाएगा। जिसमें एक लाख पौधे लगाए जाएंगे।

भले ही अटल बिहारी वाजपेयी का जन्म मध्य प्रदेश के ग्वालियर में हुआ था। लेकिन उनकी कर्मभूमि लखनऊ थी। अटल के लिए लखनऊ न सिर्फ संसदीय क्षेत्र था बल्कि वह लखनऊ की हर गलियों से वाकिफ थे और यहां के लोगों से उनका बहुत जुड़ाव था। लिहाजा अब लखनऊ नगर निगम ने हजरतगंज चौराहे का नाम अटल चौराहा रखने की घोषणा की है।

हालांकि इसके लिए पहले ही बात चल रही थी। लेकिन अटल बिहार वाजपेयी की पहली पुण्यतिथि पर इसकी घोषणा लखनऊ की मेयर संयुक्ता भाटिया ने की। संयुक्त भाटिया ने कहा कि हजरतगंज चौराहे का नाम पूर्व प्रधानमंत्री और लखनऊ से सांसद रह चुके दिवंगत अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर कर दिया गया है और अब इसे अटल चौक के नाम से जाना जाएगा।

असल में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन के बाद से ही चर्चा चल रही थी कि उनके नाम पर इस चौराहे का नाम अटल चौराहा किया जाए लेकिन इस पर फैसला नहीं हो पाया था। लेकिन अब इस पर फैसला किया गया है। इसके साथी इस्माइलगंज डिग्री कॉलेज का भी नाम अटल बिहारी वाजपेयी नगर-निगम डिग्री कॉलेज किया गया है।

यही नहीं निगम की जमीन पर जरहरा में पांच हेक्टेयर जमीन पर 'अटल उदय वन' बनाया जाएगा और इसके लिए नगर निगम ने एचसीएल फाउंडेशन के साथ एमओयू किया है। यहां पर पांच हेक्टेयर जमीन पर पौधरोपण किया जाएगा और यहां पर पांच लाख पेड़ लगाए जाएंगे और इसकी देखरेख एचसीएल फाउंडेशन करेगा।