जम्मू और कश्मीर के राजौरी सेक्टर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर हुए एक आईईडी ब्लास्ट में सेना का एक मेजर शहीद हो गया जबकि कुछ जवान जख्मी हो गए। 

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि राजौरी सेक्टर के लाम इलाके में हुए  संदिग्ध आईईडी धमाके में शहीद मेजर की पहचान एस जी नायर के रूप में हुई है।  2-3 जवान घायल बताए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें - पाकिस्तान ने फिर तोड़ा सीजफायर, रिहायशी इलाकों पर दागे मोर्टार

सूत्रों ने बताया कि शाम 6 बजे यह धमाका पुखेरणी इलाके में नियंत्रण रेखा के पास हुआ। धमाके के ठीक बाद सेना ने मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय पुलिस भी मौके पर है। 

पिछले 3 दिनों में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान नौ बार संघर्ष विराम का उल्लंघन कर चुका है, जिसका भारतीय सेना करारा जवाब दे रही है। बुधवार को भी राजौरी सेक्टर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर पाकिस्तान रेंजरों ने युद्धविराम का उल्लंघन करते हुए भारतीय चौकियों को निशाना बनाया था। इस गोलीबारी में सेना के मेजर रैंक का एक अधिकारी और बीएसएफ का हेड कांस्टेबल घायल हो गए। नए साल की शुरुआत से ही पाकिस्तान की ओर से एलओसी पर लगातार गोलीबारी की जा रही है। 

पाकिस्तान 2003 में भारत के साथ हुए संघर्ष विराम समझौते का लगातार उल्लंघन कर रहा है। 2018 में पिछले 15 साल में पाकिस्तानी सैनिकों ने सबसे अधिक 2,936 बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया।