आगरा। आगरा पुलिस ने छत्ता क्षेत्र स्थित कश्मीरी बाजार में चल रहे एक बड़े देह व्यापार रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस में इस धंधे में लिप्त 32 महिलाओं व 11 ग्राहकों को गिरफ्तार किया है। हालांकि गिरफ्तार महिलाओं का कहना है कि इलाके में चलने वाले कोठे पुलिस के संरक्षण पर चलते हैं और इस बार हफ्ता नहीं दिया तो पुलिस ने कोठों में छापा मारकर गिरफ्तार कर लिया है।

असल में प्रयागराज की एक सामाजिक संस्था देह व्यापार के खिलाफ कार्य कर रही है और उसकी की निशानदेही पर पुलिस ने आगरा के कश्मीरी बाजार क्षेत्र के सात कोठों पर छापा मारा। जिसमें यहां पर 21 संचालिका एवं सहयोगी महिलाएं, 11 पीड़ित महिलाएं और 11 ग्राहकों को गिरफ्तार किया है और इन सब को कोतवाली लाकर सबके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

आगरा पुलिस और संस्था के सदस्य चार दिन से इस इलाके में रेकी कर रहे थे और पुलिस ग्राहक के तौर पर भी वहां गई थी और जब पुलिस आश्वस्त हो गई तब यहां पर तीन बजे सीओ कोतवाली अब्दुल कादिर ने पुलिस फोर्स के साथ छापा मारा। यहां पर सात कोठों की तलाशी ली गई जिसमें 32 महिलाएं और 11 ग्राहक पकड़ लिए गए।

हालांकि गिरफ्तारी  के बाद कोठे संचालिकाओं और महिलाओं ने थाने में ही हंगामा काटा। इन महिलाओं का कहना था कि कोठे पुलिस के संरक्षण पर चल रहे हैं और इन्हें हफ्ता जाता है। इस बार नहीं दिया गया तो पुलिस ने छापा मारा है। इसमें 21 महिलाएं आरोपी हैं इनको कोर्ट में पेश किया गया।

पीड़ित महिलाओं को कोर्ट के आदेश पर नारी संरक्षण गृह भेजा रहा है। पुलिस का कहना है कि 11 महिलाओं को जबरन देह व्यापार में धकेला गया था। वो काफी समय से कोठों पर कैद थी। ये महिलाएं आगरा, मेरठ सहित पश्चिम बंगाल की रहने वाली हैं और इनकी आयु 25 से 35 साल तक है।