कानपुर। कानपुर के एक डेंटल कॉलेज में एमबीबीएस स्टूडेंट का शव हॉस्टल के बेसमेंट में पाया गया। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है और पुलिस के साथ कॉलेज प्रबंधन पर भी सवाल उठाए हैं। पिता का कहना है कि बेटे का शव खून से लथपथ था। उसका मर्डर हुआ। उधर, पुलिस और कॉलेज प्रबंधन मामले को हादसा बता रहे हैं। परिजन एसआईटी जांच की मांग कर रहे हैं। आपको बता दें कि घटना के दो दिन पहले छात्र का जन्मदिन था।

क्या है मामला?

कानपुर के बिठूर इलाके के रामा डेंटल कॉलेज मे यह घटना घटी। रविववार को हॉस्टल के बेसमेंट में MBBS सेकेंड ईयर स्टूडेंट साहिल सारस्वत (24) की डेड बॉडी पाई गई। मामला सामने आने के बाद कॉलेज में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने इंवेस्टीगेशन शुरु की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतक के पिता बृजमोहन सारस्वत का कहना है कि उनके बेटे साहिल के सिर पर चोट के निशान के अलावा बॉडी में कई कट के निशान भी पाए गए हैं। उनका आरोप है कि उनके बेटे की हत्या आपसी विवाद की वजह से हुई। कॉलेज प्रबंधन पर हत्या को हादसा बताने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस भी सही जांच नहीं कर रही है।

परिवार का इकलौता बेटा था साहिल सारस्वत

साहिल सारस्वत मथुरा में स्कूल चलाने वाले बृजमोहन सारस्वत का इकलौता बेटा था। उन्होंने हत्या के मामले में केस दर्ज करने के लिए कानपुर पुलिस को अर्जी दी है। उनके परिवार में कोहराम मचा है। मृतक के पिता का कहना है कि बीते 24 नवम्बर को साहिल का बर्थडे था। दोस्तों को पार्टी दी थी। कल रात फोन पर उससे हुई बातचीत में सब नॉर्मल था। ऐसा कुछ भी गड़बड़ नहीं लगा। सुबह उसके मौत की सूचना मिली। शुरुआत में पुलिस साहिल की मौत को संदिग्ध मानकर चल रही थी।

मृतक के पिता ने लगाए ये आरोप

बृजमोहन, पुलिस और कॉलेज प्रशासन पर उनके बेटे के हत्या के मामले को छिपाने की कोशिश करने का आरोप लगा रहे हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्होंने बताया कि जहां उनके इकलौते बेटे का शव मिला। वहां चारो तरफ खून बिखरा हुआ था। डेड बॉडी के चेहरे पर चाकू के निशान थे। सिर पर चोट का निशान था। उसकी हत्या की गई और डेड बॉडी को बेसमेंट में डाल दिया गया। बृजमोहन की दी गई अर्जी के अनुसार, 24 नवम्बर को कुछ लड़कों ने मिलकर साहिल के साथ मारपीट की थी। जिसमे उसे गंभीर चोटें आई थीं।

ये भी पढें-यूपी न्यूज: नोएडा में चलती कारों से उड़ाए गए नोट, एक्शन में आई पुलिस-देखें वायरल वीडियो...