भोपाल। कांग्रेस के बड़े नेताओं में शुमार और राज्य के दो बार के मुख्यमंत्री रह चुके दिग्विजय सिंह के छोटे भाई और वर्तमान कांग्रेस विधायक लक्ष्मण सिंह राहुल गांधी से माफी मांगने को कहा है। लक्ष्मण सिंह ने राहुल गांधी पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा है कि उन्होंने कहा था कि सरकार बनने के बाद वह दस दिन में किसानों का कर्ज माफ करेंगे। लेकिन ऐसा नहीं हुआ है इसके लिए राहुल गांधी को माफी मांगनी चाहिए।

लक्ष्मण सिंह दिग्विजय सिंह के छोटे भाई हैं और वह कांग्रेस के भी विधायक है और पांच बार सांसद रह चुके हैं। दिग्विजय सिंह को कभी राहुल गांधी का राजनैतिक गुरु माना जाता था और अब उन्हीं के भाई ने राहुल गांधी के खिलाफ मोर्चा खोल लिया है। लक्ष्मण सिंह के बयान पर कांग्रेस दुविधा में है।

हालांकि अभी तक पार्टी की तरफ से किसी भी तरह की प्रतिक्रिया नहीं आई। लक्ष्मण सिंह ने कहा कि राहुल गांधी ने चुनाव के दौरान राज्य के किसानों का महज दस दिन के भीतर कर्जा माफ करने की बात कही थी। लेकिन सरकार बने दस महीने से ज्यादा हो गया है और किसानों का कर्ज माफ नहीं हुआ है। लिहाजा पार्टी के पूर्व अध्यक्ष को माफी मांगनी चाहिए।

यही नहीं कांग्रेस नेता लक्ष्मण सिंह ने पार्टी नेतृत्व पर भी सवाल उठाते कहा कि पार्टी में बड़े नेता से मिलना मुश्किल है। जिसके कारण जमीनी हकीकत से ये नेता दूर रहते हैं। गौरतलब है कि लक्ष्मण सिंह पांच बार सांसद रह चुके हैं। वह भाजपा में भी रहे हैं। उन्होंने 2003 में भाजपा की सदस्यता ली।

क्योंकि राज्य में कांग्रेस की सत्ता चली गई थी। इसके बाद वह दो बार भाजपा के सांसद रहे। लेकिन पिछले साल भाजपा नेता नितिन गडकरी की आलोचना करना उन्हें महंगा पड़ा और पार्टी ने उन्हें बाहर का रास्ता  दिखा दिया। इसके बाद पिछले साल ही वह फिर से  कांग्रेस में शामिल हुए और विधायक बने। लक्ष्मण सिंह अपने स्पष्ट बयानों के लिए जाने जाते हैं।