पटना। बिहार में सियासत के मंझे खिलाड़ी माने जाने वाले लालू प्रसाद यादव की शरण में एक और बाहुबली पहुंच गया है। 17 साल सलाखों के पीछे बीताने वाले बाहुबली अशोक महतो ने लोकसभा चुनाव 2024 के समर में कूदने के लिए खरमास में ही शादी कर ली। शादी करने के 24 घंटे के अंदर ही राजद सुप्रीमो से मिलने पहुंच गए। अशोक महतो ने चुनाव के लिए 46 वर्षीय महिला अनीता देवी से शादी कर ली।

 

जेडीयू के ललन सिंह के सामने ताल ठोकेंगी अनीता 
आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने मुंगेर में  जेडीयू प्रत्याशी  ललन सिंह के खिलाफ कुख्यात अशोक महतो की पत्नी अनीता देवी को अपना उम्मीदवार बना भी दिया है। शादी के 24 घंटे के अंदर 21 मार्च की रात लालू यादव ने अपने हाथ से नई नवेली दुल्हन को राजद का सिंबल दे दिया।

 

अशोक महतो ने कहा, 'नीतिश के कार्यकाल में अफसरशाही हावी'
अभी तक पर्दे के पीछे से राजीनिति करने वाले कुख्यात  अशोक महतो ने फ्रंट पर आकर पहली बार राजनीतिक शुरूआत की है। पत्नी को टिकट मिलने के बाद अशोक महतों ने कहा कि वह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के व्यवहार से दुखी हैं। उन्होंने कहा कि वह अब बूढ़े हो गए हैं। अब कहीं भी कुछ भी बोल दे रहे हैं। उनके राज में अफसरशाही हावी हुई है। नितीश राज में  विकास तो हुआ है, लेकिन एकतरफा।

विकास से वंचित समाज के हक की लड़ाई का अशोक महतो ने किया दावा 
अशोक महतो ने कहा कि जो समाज विकास से वंचित रह गया है, उसे ऐसे एक नए लीडर की जरूरत थी, जो उनकी मांग को पूरी कर सके। मैने इसीलिए राजनीति में कदम रखा है। उन्होंने दावा किया कि इस बार मुंगेर में उनके पक्ष में एकतरफा वोटिंग होगी। उन्होंने दावा किया कि वह 3 लाख से ज्यादा वोटों से जीतेंगे।

 

दिल्ली के हास्पिटल में काम करती थी अशोक महतो की पत्नी
20 मार्च की सुबह से बिहार के सियासी गलियारों में अचानक कभी कुख्यात रहे अशोक महतो चर्चा में आ गए। खरमास के महीने में उन्होंने पटना के करौटा स्थित जगदंबा मंदिर में 46 साल की अनीता से शादी रचाई। शादी के तुरंत बाद नव दंपती राबड़ी आवास पहुंचे और लालू प्रसाद यादव से आशीर्वाद लिया। अशोक महतो मुंगेर से चुनाव लड़ना चाहते थे, क्योंकि उन पर कोर्ट में अभी कई गंभीर मामलों की सुनवाई चल रही है। इसलिए आनन-फानन में उनकी शादी कराई गई, ताकि वे अपनी पत्नी को चुनाव लड़ा सकें। अनीता देवी दिल्ली के हॉस्पिटल में नौकरी करती है। 

ये भी पढ़ें...
UP News: अंबेडकरनगर में बहन की ससुराल में युवक की चाकू से गोदकर हत्या, वजह सुन खड़े हो गए रोगंटे