मेट्रोमोनियल साइट्स के जरिये लड़कियों को ठगने वाला कथित आरोपी अभिषेक शर्मा को पटियाला हाउस कोर्ट ने 7 दिन की रिमांड पर भेज दिया है। अभिषेक अपने आप को मीडिया हाउस का मालिक बताकर अब तक 21 लड़कियों को ठग चुका है। 

अभिषेक पर आरोप है कि उसने अलग-अलग मेट्रोमोनियल साइट्स पर प्रोफाइल बनाई हुई थी। इसके जरिए वह लड़कियों से शादी की पेशकश करता था और फिर उन्हें ठग लेता था। अभिषेक मूलरूप से हरियाणा के कुरुक्षेत्र का रहने वाला है। वह सालाना 25 से 30 लाख रुपए कमाता है और उसके माता पिता की मौत हो चुकी है। परिवार में अभिषेक अकेला है। इन प्रोफाइल के जरिए वह 
लड़कियों से  शादी के लिए संपर्क करता था फिर उनसे किसी न किसी बहाने से पैसे ठग लेता था। 

साल 2018 में उसने दिल्ली के बाराखंभा इलाके की एक लड़की को झांसे में लेकर उससे शादी कर ली। फिर 2 हफ्ते बाद उसके साथ रहा और महिला का कैश और गहने लेकर फरार हो गया। वहीं साल 2012 में वो आचार्य अतुल जी महाराज बनकर एक चैनल के ज्योतिष का कार्यक्रम करने लगा लेकिन उसकी ठगी का पता चलते ही उसे निकाल दिया गया। 

साल 2016 में उसे चंडीगढ़ में ठगी के आरोप में गिरफ्तार किया गया। वह एक संपत्ति का सौदा कर रहा था। आरोपी ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से मास कॉम की डिग्री ले रखी है। 2002 में उसकी शादी हुई थी और उसके 7 साल की बेटी भी है। लेकिन वह अपने परिवार से कोई संबंध नहीं रखता है।