असम के तिनसुकिया में सदिया का रहने वाला निर्मल राय भारत-चीन सीमा के पास से गिरफ्तार किया गया। वह सेना के साथ किविथू और डिचू गांव में आर्मी के कुली के रूप में काम कर रहा था। 

बताया जा रहा है कि आरोपी निर्मल राय 2016 से 2018 तक दुबई में एक बर्गर की दुकान पर काम कर चुका है। जहां वह पाकिस्तान की बदनाम खुफिया एजेन्सी आईएसआई के संपर्क में आया। 

उसे दुबई में ही गुप्त तरीके से वीडियो बनाने, फोटो खींचने और उसे सोशल नेटवर्किंग के माध्यम से पाकिस्तान को जानकारी भेजने की ट्रेनिंग दी गई थी।

वह किबिथु की सैन्य इकाई के लोकेशन और तैनाती, हथियारों और तोपों के बारे में संवेदनशील जानकारियां जुटाता था और उन्हें पाकिस्तान भेज दिया करता था। 

 साथ ही वह वास्तविक नियंत्रण रेखा पर बुनियादी ढांचे के विकास के बारे में भी जरूरी सूचनाएं दुश्मनों को भेजता था। 

निर्मल का फोन जब्त कर लिया गया है बताया जा रहा है कि उसमें तमाम आर्मी की तमाम संवेदनशील तस्वीरें और खुफिया जानकारियां कैद हैं। 

खुफिया अधिकारियों को उसपर काफी पहले से शक था। उसपर पिछले एक महीने से नजर रखी जा रही थी। मुखबिरों की सूचना के आधार पर उसे रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। 

जिसके बाद उसे अरुणाचल पुलिस के हवाले कर दिया गया है। 

राय की गिरफ्तारी शासकीय गुप्त अधिनियम के प्रावधानों के तहत की गई है। उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (आईटी एक्ट) की धाराएं भी लगाई गई हैं।