घटना औरंगाबाद के गंगापुर की है, जहां मराठा समाज के लोग आरक्षण की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे थे। इसी दौरान काकासाहेब शिंदे नाम का युवक गोदावरी नदी में कुद गया। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे बाहर निकाला और नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। घटना के बाद वहां पुलिस का बंदोबस्त बढ़ा दिया गया है। काकासाहेब की उम्र 29 साल बताई जा रही है।
आंदोलनरत काकासाहेब की मौत के बाद आंदोलनकारियों ने सरकार से सामने तमाम मांगें रखी हैं। मराठा समाज की मांग है कि मृत युवक के परिजनों को 50 लाख का मुआवज़ा मिले और काकासाहेब को शहीद घोषित किया जाए। इनकी बड़ी मांग ये भी है कि राज्य के सीएम पर युवक को खुदकुशी के लिए उकसाने का  मामला दर्ज किया जाए। और अंत में मूल मांग कि आरक्षण तुरंत लागू किया जाए
बताते चलें कि मराठा आंदोलन के दौरान मौत होने की यह पहली घटना है जिससे मराठा समाज में काफी रोष है। औरंगाबाद में स्थानीय लोगों ने शिवसेना सांसद चंद्रकांत खैरे की गाड़ी पर हमला कर दिया। खैरे गोदावरी में कूदकर आत्महत्या करने वाले युवक के दाह-संस्कार में शामिल होने जा रहे थे।
आरक्षण को लेकर हो रहे प्रदर्शन का सबसे ज्यादा असर मराठवाड़ा इलाके में दिख रहा है। यहां स्कूल और कॉलेज बंद हैं। औरंगाबाद में इंटरनेट सेवाएं रोक दी गईं और प्रदर्शनकारी धरना दे रहे हैं।
परभणी में आंदोलनकारियों बसों को आग के हवाले कर दिया। हंगामे के दौरान कई यात्री घायल हो गए, उन्हें परभणी के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आपको बता दें कि मराठा क्रांति मोर्चा ने आज महाराष्ट्र बंद का ऐलान किया है। 
मराठा समाज ओबीसी के तहत सरकारी नौकरियों और शिक्षा में 16 प्रतिशत आरक्षण चाहते हैं। पिछले साल मराठा समाज ने तकरीबन हर जिलों में मोर्चा निकालकर अपना रोष जाहिर किया था। फिलहाल आरक्षण का ये मामला बॉम्बे हाईकोर्ट में लंबित है।