बरेली। पिछले दिनों अंतरजातीय विवाह कर मीडिया और सोशल मीडिया की सुर्खियां बने बरेली के साक्षी और अजितेश को जान से मारने के लिए 50 लाख की सुपारी दी गई है? हालांकि अभी तक साक्षी और अजितेश ने इसकी कोई भी शिकायत स्थानीय थाने में दर्ज नहीं कराई है। लेकिन उन्होंने उत्तर प्रदेश के सीएम पोर्टल पर इसकी जानकारी दी है कि उन्हें जान से मारने की धमकी दी जा रही है। अभी साक्षी और अजितेश दिल्ली में रह रहे हैं। सीएम पोर्टल पर शिकायत दर्ज होने के बाद बरेली पुलिस सक्रिय हो गई है।

साक्षी और अजितेश ने दो महीने पहले शादी कर मीडिया में सुर्खियां बंटोरी दी थी। साक्षी ने आरोप लगाया था कि उसके पिता और भाजपा विधायक राजेश मिश्रा से उसे जान का खतरा है और इसके बाद दोनों इलाहाबाद हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। जिसके बाद हाईकोर्ट के आदेश पर दोनों को सुरक्षा दी गई थी। इसके बाद दोनों ने हाल ही में बरेली के रजिस्ट्रार कार्यालय में अपनी शादी को रजिस्ट्रर्ड भी कराया है। क्योंकि इलाहाबाद हाईकोर्ट ने इसका आदेश दंपति को दिया है। 

ये दंपति एक बार फिर सुर्खियों में है। क्योंकि दोनों ने यूपी के सीएम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है कि उन्हें जान से मारने की धमकी मिल रही हैं। साक्षी ने कहा कि उसके पति अजितेश को डराया धमकाया और बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। उन्हें सोशल मीडिया के जरिए लगातार धमकी भरे मैसेज मिल रहे हैं। साक्षी ने कहा कि इंस्टाग्राम अकाउंट एक एकाउंट से आपत्तिजनक मैसेज भेजे थे और इसमें 50 लाख की सुपारी लेने का दावा भी किया गया है।

साक्षी का कहना है कि इसकी शिकायत राज्य के डीजीपी से की थी। लेकिन अभी तक जो शख्स धमकी दे रहा है उसके खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं की गई है। फिलहाल मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज होने के बाद बरेली पुलिस अलर्ट हो गई है। एक मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक अभी तक साक्षी और अजितेश दिल्ली में हैं और वहां पर एक फ्लैट में अपनी जिंदगी बसर रहे हैं। इन दोनों की सुरक्षा में दो सुरक्षाकर्मी लगाए गए हैं।