घाटी में सेना का ऑपरेशन 'ऑल आउट' जारी है। सेना आतंक और आतंकवादियों के सफाए के अभियान में जुटी हुई है। इस ऑपरेशन के दौरान सुरक्षबलों को लगातार कामयाबी मिल रही है। सेना ने इस साल अब तक 101 आतंकवादियों को मार गिराया है। इन आतंकवादियों में शोपियां के कुंदलान में मारे गए 2 आतंकवादी भी शामिल हैं।
आर्मी सूत्रों का कहना है कि 101 का आंकड़ा तब है जब कि सेना ने रमज़ान के पवित्र महीने में संघर्ष विराम का ऐलान किया हुआ था।
सेना की गोलियों के शिकार हुए इन आतंकियों में 26 से 27 विदेशी आतंकवादी भी शामिल हैं जबकि बाकी स्थानीय आतंकवादी हैं।

आतंकवादियों के खिलाफ़ मिल रही सफलता के साथ ही सेना के लिए चिंता की बात आतंवादी समूहों में स्थानीय युवाओं का शामिल होना है। सूत्रों के मुताबिक आतंकवादी समूहों में स्थानीय युवाओं की बढ़ती भागीदारी है। 
सूत्र ये भी बताते हैं कि साल के इन सात महीनों में 82 लड़के अलग-अलग आतंकवादी संगठनों में शामिल हुए हैं, जिनमें 25 ने सिर्फ अप्रैल महीने में आतंकवादी संगठनों का रुख़ किया।
आतंकवादी संगठनों में शामिल होने वाले ज़्यादातर युवा शोपियां और पुलवामा ज़िले से हैं जो आतंकवाद से सबसे ज़्यादा प्रभावित हैं।
पिछले साल 128 युवा आतंकवादी संगठनों में शामिल हुए थे। इनमें अधिसंख्यक युवाओं ने हिज़्बुल मुज़ाहिद्दीन को चुना था।

                                                                                                                                                                       अजीत कुमार दुबे की रिपोर्ट