समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव यादव के चाचा और मुलायम सिंह यादव के छोटे भाई शिवपाल यादव ने सपा छोड़ने का ऐलान कर दिया है। शिवपाल ने सपा से अलग होकर अपनी अलग पार्टी बनाने की घोषणा कर दी। उन्होंने समाजवादी सेक्युलर मोर्चा नाम से अपनी नई पार्टी बनाई है। पार्टी की घोषणा करते हुए शिवपाल ने सपा से असंतुष्ट नेताओं को अपनी पार्टी में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया।

शिवपाल यादव ने पार्टी गठन के बाद कहा कि, ‘’मैंने समाजवादी सेक्युलर मोर्चा का गठन किया है। जिसको भी समाजवादी पार्टी में सम्मान नहीं मिला उन लोगों को हमारे साथ आना चाहिए। हम दूसरी छोटी पार्टियों को भी साथ लाएंगे’’

"

माना जा रहा है शिवपाल यादव के पार्टी गठन के बाद 2019 के आम चुनाव में महागठबंधन की काट खोजने में लगी भारतीय जनता पार्टी को शिवपाल के रूप में बड़ा हथियार मिल गया है।

माना जा रहा है कि शिवपाल की नई पार्टी बनाने के पिछे भाजपा का हाथ है क्योंकि भाजपा सीधे तौर पर शिवपाल को अपनी पार्टी में शामिल नहीं कराना चाहती है। शिवपाल नई पार्टी के साथ चुनाव मैदान में उतरते हैं तो इससे फायदा भाजपा को ही होगा।

समाजवादी पार्टी की कमान पूरी तरह अखिलेश यादव के हाथों में जाने के बाद से ही शिवपाल सिंह यादव अब खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे थे। अखिलेश यादव के साथ सार्वजनिक समारोहों में एक-दो बार वह दिखे जरूर, लेकिन दोनों के बीच तल्खी भी साफ दिखी। इसके बाद शिवपाल ने भी मान लिया कि अब उनके लिए समाजवादी पार्टी में जगह नहीं रह गई है।