मुजफ्फरनगर के एक शख्स ने फ्रांस से वीडियो कॉल पर अपनी गर्भवती बीवी को तलाक दे दिया। यही नहीं इसके बाद आरोपी पति ने पत्नी पर देवर से हलाला करने व गर्भपात करने का दवाब बनाया है।

जब महिला ने इस बात का विरोध किया तो उसे घर में बंधक बनाकर रखा गया। महिला किसी तरह चंगुल से छूटकर परिजनों के पास पहुंची और आरोपियों के खिलाफ शिकायत की।

यह कहानी तब शुरु हुई जब मुजफ्फरनगर के शहर कोतवाली क्षेत्र के सुजडू की एक महिला का निकाह दिसम्बर 2017 में शेरपुर गांव में तय हुआ था। निकाह के एक महीने बाद ही पति नौकरी करने फ्रांस चला गया। 

जिसके बाद पत्नी को ससुराल वाले परेशान करने लगे। पति ने पिछली 25 जुलाई को फ्रांस से उसके पास वीडियो कॉल कर तीन तलाक बोल दिया। सूचना पर लड़की के घरवाले ससुराल आ गए। 

जिसके बाद ससुराल पक्ष ने तीन तलाक को झूठा बताते हुए पति के विदेश से वापस आने तक बात टाल दी।

जिसके दो माह बाद पति विदेश से लौट आया। पति के वापस आने के बाद मामला संभलने की बजाए और बिगड़ गया। यहां तक की पति और ससुराल वालों ने पीड़िता के साथ मारपीट भी की।

इस मामले में ताजा समाचार यह है, कि कुछ दिन पूर्व फतवा लेने के बाद गर्भपात और देवर के साथ हलाला करने का दबाव बनाया गया। विरोध करने पर ससुरालियों ने उसे मकान में ही कैद कर दिया। ससुराल वाले जबरदस्ती गर्भपात कराने के लिए उसे डाक्टर के पास लेकर गए। 

महिला किसी तरह उनके चंगुल से छूटकर अपने गांव चली आई। ससुराल वालों ने उसके घर पहुंचकर उसे वापस ले जाने का भी प्रयास किया, लेकिन उसने जाने से इंकार कर दिया। पीडिता ने नई मंडी थाने में आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।