लखनऊ। सीएम योगी आदित्यनाथ ने यूपी पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को राहत पहुंचाने वाला फैसला लिया है। सिपाही भर्ती की आयु सीमा में 3 साल छूट का ऐलान किया है। प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद को इस सिलसिले में निर्देश भी दिया है कि इस साल की पुलिस भर्ती परीक्षा की अधिकतम आयु सीमा में 3 साल की छूट दी जाए। बड़ी संख्या में युवा उम्र सीमा बढ़ाने की मांग कर रहे थे। यह छूट सभी वर्गों के युवाओं को मिलेगी।

23 दिसम्बर को जारी हुआ था यूपी पुलिस भर्ती का नोटिफिकेशन

सीएम योगी ने एक्स पर यह घोषणा करते हुए कहा कि सरकार युवाओं के उज्जवल भविष्य को लेकर प्रतिबद्ध है। यूपी पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस के पद पर भर्ती में सभी वर्गों के अभ्यर्थियों  को आयु सीमा में 3 वर्ष छूट देने का फैसला किया गया है। आपको बता दें कि 23 दिसम्बर को पुलिस भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया हुआ था। उसमें अनारक्षित 24102 पद, ईडब्ल्यूएस के लिए 6024 पद, अन्य पिछड़ा वर्ग 16264 पद,  12650 पद अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए 1204 पद आरक्षित हैं। 

भर्ती में महिलाओं को भी आरक्षण 

पुलिस भर्ती के लिए जारी किए गए नोटिफिकेशन में महिलाओं का आरक्षण भी तय किया गया है। जानकारी के अनुसार, सम्पूर्ण पदों में से 20 प्रतिशत महिलाओं को आरक्षण दिया गया है। चूंकि यूपी पुलिस में लंबे समय बाद भर्ती की प्रक्रिया शुरु हुई है। इसके चलते युवाओं की उम्र सीमा में छूट की मांग थी। युवाओं का कहना है कि वह कई साल से पुलिस भर्ती एग्जाम की तैयारी कर रहे हैं। भर्ती देरी से निकलने की वजह से वह ओवर एज हो गए और इस वजह से भर्ती प्रक्रिया से बाहर हो गए हैं। उनकी इस मांग को देखते हुए सीएम योगी ने पुलिस भर्ती में आयु सीमा बढ़ाने का निदेश दिया।

ये भी पढें-लोकसभा चुनाव-रामलला प्राण प्रतिष्ठा समारोह...उधर स्वामी प्रसाद मौर्या ने कहा-हिंदू एक धोखा, क्या होगा असर