लंदन में इक्वाडोर के दूतावास से गिरफ्तार विकीलीक्स के संस्थापक जूलियन असांजे बड़े संकट में घिर गए हैं। ब्रिटेन की एक अदालत ने असांजे को 2012 में जमानत शर्तों का उल्लंघन किए जाने का दोषी पाया है। अदालत ने सजा की घोषणा तक असांजे को हिरासत में भेज दिया है। इस मामले में असांजे को 12 महीने की सजा का सामना करना पड़ सकता है। 

कथित तौर पर कंप्यूटर हैकिंग के आरोप में अमेरिका द्वारा प्रत्यर्पण के लिए किए गए एक अनुरोध पर दो मई को उसे अदालत की एक और सुनवाई का सामना करना पड़ेगा। ब्रिटिश पुलिस ने असांजे को सात वर्षों के बाद लंदन स्थित इक्वाडोर दूतावास से गिरफ्तार किया है। 

इससे पहले, अमेरिकी न्याय विभाग ने कहा कि विकीलीक्स के संस्थापक असांजे को एक अमेरिकी वारंट पर लंदन में गिरफ्तार किया गया है।अमेरिका ने 2010 में सैन्य और राजनयिक दस्तावेजों के बड़े पैमाने पर लीक मामले में उसकी कथित भूमिका को लेकर असांजे पर आरोप लगाए थे। बयान के अनुसार असांजे को एक अमेरिकी सरकार के कंप्यूटर के पासवर्ड को तोड़ने की सहमति देकर कंप्यूटर हैकिंग करने की साजिश के आरोप में जेल में पांच साल तक की सजा का सामना करना पड़ता है। 

यह भी पढ़ें - विकीलीक्स के संस्थापक जूलियन असांजे गिरफ्तार, इक्वाडोर के लंदन दूतावास में 7 साल से ले रखी थी शरण

इक्वाडोर ने शरण वापस ली

उधर, इक्वाडोर ने असांजे को दी गई शरण वापस ले ली है। राष्ट्रपति लेनिन मोरेनो की सरकार के इस फैसले की जानकारी विदेश मंत्री जोस वालेंसिया ने दी है। वालेंसिया ने कहा कि बुधवार को इक्वाडोर सरकार ने 2017 में असांजे को दी गई नागरिकता को विभिन्न अनियमितताओं के कारण वापस ले लिया था। असांजे को बृहस्पतिवार को लंदन में स्थित इक्वाडोर दूतावास से बाहर कर दिया गया और फिर ब्रिटिश पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया जिसके बाद लगभग सात वर्षों से चला आ रहा गतिरोध खत्म हो गया। 

राष्ट्रपति मोरेनो ने ट्वीट किया, ‘एक संप्रभु फैसले में इक्वाडोर ने अंतरराष्ट्रीय संधियों और दैनिक जीवन प्रोटोकॉल के बार-बार उल्लंघन के बाद जूलियन असांजे को दी गई शरण वापस ले ली।’ 

क्या है विकीलीक्स

विकीलीक्स की स्थापना 2006 में ऑस्ट्रेलिया में जन्मे असांजे ने की थी। सबसे पहले 2007 में इसने दुनिया का ध्यान अपनी ओर तब खींचा जब इसने ग्वांतानामो बे में रह रहे अमेरिकी जेल गार्ड्स के लिए बने नियमों को जारी किया। इसके बाद 2010 में विकीलीक्स ने तब उड़ान भरी जबकि द न्यू यॉर्क टाइम्स, द गार्जियन, डेर स्पाइगेल, ले मोंडे और अल पाइस के साथ काम किया और लाखों गोपनीय राजनीतिक दस्तावेजों को पब्लिश किया। अभी तक विकीलीक्स ने राजनीतिज्ञों, सरकारों और संगठनों से जुड़े एक करोड़ से ज्यादा दस्तावेज और विश्लेषण लीक किए हैं।