हिमाचल प्रदेश के कसौली में एक महिला ने एक तांत्रिक के साथ मिलकर अपने पति की हत्या कर दी। फिर तांत्रिक ने शव को ले जाकर हरियाणा के कैथल स्थित क्यौडक गांव में अपने घर में दफना दिया। महिला और तांत्रिक एक ही गांव के रहने वाले हैं। दोनों के बीच प्रेम संबंध थे। 

सोलन से 17 जून को  खादी ग्रामोद्योग में कार्यरत ऋषिपाल अचानक गायब हो गया। परिजनों ने कसौली थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। शुरुआती जांच के बाद पुलिस और परिजनों के शक की सूई अजय नामक तांत्रिक पर आकर रुक गई। वह ऋषिपाल की पत्नी अनीता के गांव का रहने वाला था और कसौली में डेढ़ माह से होटल में कमरा लेकर रह रहा था। वह मृतक के बच्चों को पढ़ाने के लिए उनके घर भी जाता था। यही नहीं वह कसौली में भी तांत्रिक का काम करने लगा था। 

जब पुलिस ने अजय की कॉल डिटेल खंगाली तो पता चला कि वह 17 जून को कसौली से गायब था। इसके बाद हरियाणा से हिरासत में लेकर जब उससे पूछताछ की गई तो पूरा मामला खुल गया। उसने बताया कि ऋषिपाल की पत्नी से उसके अवैध संबंध थे। उसने ऋषिपाल को मारने के बाद कैथल स्थित क्यौडक में अपने घर के आंगन में गाड़ दिया है। सोलन पुलिस ने कैथल पहुंच कर मौके पर जेसीबी से खुदाई कराई तो ऋषिपाल का शव 15 फीट गहरे गड्ढे में एक बॉक्स में दबा मिला। शव काफी सड़ गया है। ऋषिपाल के हाथ-पांव चुन्नी से बंधे हुए थे। यही नहीं जहां शव दफन किया गया, वहां ऊपर पीर का स्थान बना दिया गया। यहां आरोपी तांत्रिक तंत्र क्रियाएं किया करता था। पुलिस ने आरोपी तांत्रिक और मृतक की पत्नी अनीता को गिरफ्तार कर लिया है। 

सोलन के एसपी मधुसूदन शर्मा के मुताबिक, महिला ने प्रेम संबंधों के चलते पति की हत्या की बात कबूल ली है। दोनों ने ऋषिपाल को पहले खाने में नशीली दवा मिलाकर बेहोश कर दिया, फिर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसके शव को हरियाणा में आरोपी तांत्रिक के गांव ले जाकर ठिकाने लगा दिया। पुलिस ने तांत्रिक के पिता को भी गिरफ्तार किया है। बताया जाता है कि उन्हें घर के आंगन में शव दफनाए जाने की पूरी जानकारी थी। 

"