नेशनल डेस्क। नई संसद में नया इतिहास रचा गया है। लोकसभा में महिला आरक्षण बिल (Nari Shakti Vandan Adhiniyam) को सर्वसम्मति से पारित होने के बाद राज्यसभा में भी पारित कर दिया गया। अब महामहिम के हस्ताक्षर करते ही यह कानून बन जाएगा। महिलाओं को उनका हक देने का जश्न बीजेपी कार्यालय में जोरों-शोरों से मनाया जा रहा है। बड़ी संख्या में महिलाओं ने मोदी सरकार को धन्यवाद दिया। इसी क्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पार्टी मुख्यालय पहुंचे। इस दौरान उनका भव्य स्वागत किया गया। मोदी सरकार के इस फैसले से खुश एक महिला ने पीएम के पैर छूने की कोशिश की तो वह पीछे हट गए और उन्होंने महिला को पैर छूने से मना किया। 

PM मोदी ने पैर छूकर किया महिलाओं का वंदन

बीजेपी कार्यालय में बनाए गए मंच पर प्रधानमंत्री का महिला कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान पीएम ने महिलाओं के पैर छुए और उन्हें प्रणाम किया। महिलाओं ने भी उन्हे आशीर्वाद दिया।

'दशकों बाद सच हुआ सपना'

पीएम मोदी ने कहा कि इस फैसले की चर्चा आने वाली अनेक पीढ़ियों तक होगी। मैं नारी शक्ति वंदन अधिनियम के सर्वसम्मति से पास होने पर पूरे देश को बधाई देता हूं। जिस बात का देश को कई दशकों से इंतजार था वे आज पूरा हुआ है। कहा कि ये दिन बीजेपी के हर कार्यकर्ता के लिए खास है। आज नारी का आत्मविश्वास आसमान छू रहा हैं। माताएं-बहनें खुशी मना रही हैं। देशी माताओं-बहनों के सपनों को पूरा करने का सौभाग्य बीजेपी सरकार को मिला है। इस दौरान  उन्होंने विपक्ष की तारीफ करते हुए कहा कि ये अधिनियम इसलिए भी खास है क्योंकि इस कानून को सदन में सभी ने पक्ष-विपक्ष की सीमाओं से ऊपर उठकर समर्थन दिया है। इसलिए मैं सभी दलों का अभिनंदन करता हूं। 

दोनों सदन में पास हुआ विधेयक

बता दें, संसद ने संविधान (128 संशोधन) विधेयक 2023 को पारित कर दिया है। लोकसभा में बिल के समर्थन में 454 और विरोध में दो वोट पड़े। असदुद्दीन की पार्टी AIMIM के इस बिल का विरोध किया। वहीं राज्यसभा में बिल के विरोध में एक भी वोट नहीं पड़ा और 214 सदस्यों ने विधेयक के पक्ष में मतदान किया। गौरतलब है, विधेयक में लोकसभा, राज्य विधानसभाओं और दिल्ली विधानसभा में महिलाओं के लिए कुल सीटों में एक-तिहाई सीटें आरक्षित करने का प्रावधान है। 

ये भी पढ़ें- ​दोस्ती निभाता रहा भारत, दगा देता रहा कनाडा, प्वाइंटस में जानिए ऐसी 5 बड़ी घटनाएं