नई दिल्ली। कोरोना महामारी (Corona Pandemic)से बचाव के लिए वैक्सीन (Vaccine) की तीसरी डोज भी विकसित कर ली गई है। कोविड-19 (Covid-19)के खिलाफ थर्ड डोज 95.6 परसेंट तक प्रभावी है। फाइजर/ बायोएनटेक (Pfizer/BioNTech) ने थर्ड डोज का क्लीनिकल ट्रायल कर लिया है।

गुरुवार को प्रकाशित निर्माताओं के एक अध्ययन के अनुसार, फाइजर / बायोएनटेक द्वारा विकसित कोविड ​​-19 के खिलाफ वैक्सीन की तीसरी डोज सिम्प्टोमेटिक इंफेक्शन के खिलाफ 95.6 प्रतिशत प्रभावी है। कंपनी ने एक बयान में कहा कि 16 साल और उससे अधिक उम्र के 10,000 लोगों के साथ क्लीनिकल ट्रायल फेज थ्री किया गया। इस ट्रायल में डेल्टा वायरस के खिलाफ थर्ड डोज 95.6 प्रतिशत कारगर व प्रभावी है। 

कोरोना से जंग में 100 करोड़ वैक्सीनेशन का आंकड़ा पार
कोविड-19 के खिलाफ जारी लड़ाई में भारत ने 100 करोड़ डोज का आंकड़ा पूरा करके एक इतिहास रच दिया है। इस मौके पर नई दिल्ली के राममनोहर लोहिया अस्पताल (RML) में एक कार्यक्रम हुआ। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) मौजूद थे। यहां 100 करोड़ वां टीका बनारस के दिव्यांग अरुण रॉय को लगाया गया। यह रिकॉर्ड 21 अक्टूबर की सुबह 9.47 बजे रचा गया। बता दें कि 16 जनवरी से देश में कोरोना वैक्सीनेशन की शुरुआत हुई थी। 20 करोड़ डोज 31 दिनों में लगे हैं। 

केंद्र सरकार द्वारा अब तक निःशुल्क और सीधे राज्य सरकार खरीद माध्यमों से टीके की 103.5 करोड़ से अधिक (1,03,53,51,045) खुराकें राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को उपलब्ध कराई गई हैं।

अभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पास कोविड-19 टीके की 10.85 करोड़ से अधिक (10,85,69,250) अतिरिक्त और बिना इस्तेमाल हुई खुराकें उपलब्‍ध है, जिन्हें लगाया जाना है।

75 प्रतिशत युवा आबादी को कम से कम एक डोज वैक्सीन
देश की 75% युवा आबादी को कोरोना वैक्सीन की कम से कम एक डोज लगाई जा चुकी है। 31 प्रतिशत आबादी को दोनों डोज लग चुकी हैं। चीन अकेला देश है, जहां भारत से अधिक वैक्सीन लग चुकी हैं। उसने सितंबर में 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया था।

पीएम मोदी ने सौ करोड़ वैक्सीनेशन पर दी बधाई
मोदी ने एक ट्वीट करके लोगों को बधाई दी है। मोदी ने लिखा-'भारत ने लिखा इतिहास: हम भारतीय विज्ञान, उद्यम और 130 करोड़ भारतीयों की सामूहिक भावना की विजय के गवाह हैं। 100 करोड़ टीकाकरण पार करने पर भारत को बधाई। हमारे डॉक्टरों, नर्सों और इस उपलब्धि को हासिल करने के लिए काम करने वाले सभी लोगों का आभार।'