मुरादाबाद। फिल्म एक्ट्रेस और बालीवुड में दंबग गर्ल ने नाम से मशहूर  सोनाक्षी सिन्हा मुरादाबाद के कटघर थाने में पहुंची। असल में यहां कोई फिल्म की शूटिंग नहीं चल रही है बल्कि सोनाक्षी सिन्हा पर एक  धोखाधड़ी का केस दर्ज है और इसके लिए सोनाक्षी सिन्हा मुरादाबाद के कटघर थाने में पहुंची और अपना बयान दर्ज कराया। अगर सोनाक्षी यहां नहीं पहुंचती तो उनकी गिरफ्तारी भी हो सकती थी।

सोनाक्षी सिन्हा के खिलाफ कटघर थाने में धोखाधड़ी का एक मामला दर्ज है। कटघर थाना क्षेत्र निवासी एक इवेंट मैनेजर ने सोनाक्षी सिन्हा और उनकी कंपनी समेत कई लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया है। इसके लिए मुरादाबाद पुलिस ने पूछताछ के लिए सोनाक्षी को मुरादाबाद तलब किया था।

हालांकि रिपोर्ट दर्ज होने के बाद मुरादाबाद पुलिस मुंबई में उनके घर गई थी। लेकिन तब सोनाक्षी सिन्हा हैदराबाद में शूटिंग में व्यस्त थी। लिहाजा उनसे पूछताछ नहीं हो सकी थी। सोनाक्षी के पिता शत्रुघ्न सिन्हा ने पुलिस को आश्वस्त किया था कि जब सोनाक्षी मुंबई आ जाएंगी तो वह सोनाक्षी को पूछताछ के लिए मुरादाबाद भेजेंगे। लिहाजा इसके बाद बुधवार को सोनाक्षी मुरादाबाद पहुंची और अपना बयान दर्ज कराया।

फिलहाल पुलिस सोनाक्षी समेत उनकी कम्पनी के कई लोगों पर लगे आरोपों की जांच पडताल कर रही है। मुरादाबाद पहुंच कर सोनाक्षी सिन्हा ने कटघर पुलिस के समक्ष पेश होकर अपने बयान दर्ज करवाए। हालांकि उनके बयान थाने में नहीं लिए गए बल्कि उनकी सुरक्षा को देखते हुए रामपुर रोड स्थित डीयर पार्क के पास दर्ज किये गए थे।

असल में कटघर थाना क्षेत्र शिवपुरी निवासी प्रमोद शर्मा इंडिया फैशन एंड ब्यूटी अवार्ड नाम से इवेंट कंपनी चलाते हैं। दिल्ली के सीरी फोर्ट आडिटोरियम में पिछले साल एक इवेंट के लिए उन्होंने फिल्म अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा से करार किया था।

लेकिन सोनाक्षी कार्यक्रम में आई नहीं और सोनाक्षी ने परफार्म करने से भी मना कर दिया जबकि शर्मा ने कार्यक्रम के लिए सोनाक्षी को 37 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका था। भुगतान भी ऑनलाइन किया गया था और इसके सबूत प्रमोद शर्मा के पास हैं।