मशहूर लेखक चेतन भगत की चैटिंग के स्क्रीनशॉट एक महिला ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिए हैं। जिसमें चेतन उस महिला से अंतरंग बातें करते हुए नजर आ रहे हैं। यह स्क्रीनशॉट तेज़ी से वायरल होते नजर आ रहे हैं। लोगों ने स्क्रीनशॉट देखने के बाद नाराजगी जताई है।

लेकिन चेतन ने भी डैमेज कंट्रोल करने में देर नहीं की। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक सफाईनामा जारी करते हुए एक लम्बा पोस्ट लिख डाला। उन्होंने स्क्रीनशॉट को सच बताते हुए अपनी गलतियों को माना और अपनी पत्नी समेत उस महिला से भी माफी मांगी।

महिला ने चेतन के साथ वॉट्सऐप में कई साल पहले हुई बातचीत के स्क्रीनशॉट ट्विटर पर पोस्ट किए।

चेतन ने फेसबुक पर अपनी सफाई देते हुए लिखा है कि, "सबसे पहले मैं उस महिला से माफी मांगता हूं। स्क्रीनशॉट असली हैं और अगर आपको लगा हो कि स्क्रीनशॉट गलत है, तो मैं आपसे क्षमा चाहता हूं। इस बारे में मैंने अपनी पत्नी अनुषा के साथ सबसे पहले बात की है। यह स्क्रीनशॉट कई साल पुराना है।"

चेतन ने अपने पोस्ट में आगे लिखा कि उन्हें वह महिला बेहद खास लगी थीं। वो एक अच्छी इंसान और सबसे अलग लगी थीं। वह जानते थे कि वे शादीशुदा हैं और इस तरह के फीलिंग्स के साथ वो किसी रिश्ते की तरफ नहीं बढ़ सकते, लेकिन फिर भी उन्हें उस महिला से एक गहरा जुड़ाव महसूस होता था।

चेतन ने आगे लिखा है कि ऐसा महसूस करना और उनके साथ निजी बातचीत में इसे शेयर करना बेवकूफाना था। उन्होंने लिखा कि इसके लिए उन्होंने अपनी पत्नी से माफी मांगी है।