सुपरस्टार सलमान खान का शो ‘दस का दम’ इन दिनों खूब चर्चा में है और हो भी क्यों न, इस शो को भाईजान जो होस्ट कर रहे हैं। लेकिन फैंस के लिए दुख की खबर तो यह है कि शो का फिनाले हो चुका है और अब सलमान छोटे पर्दे से गायब हो जाएंगे। शो के फिनाले में अभिनेता शाहरुख खान और अभिनेत्री रानी मुखर्जी नजर आए थे।

शो में शाहरुख की एंट्री बेहद जबरदस्त थी जिसको देखकर सब चौंक गए। दरअसल, शाहरुख ने शो में सामान्य एंट्री नहीं ली बल्कि वह सलमान के भरोसे एक ठेले पर बैठकर एंट्री लेते हुए नजर आए। हम सलमान के भरोसे इसलिए कह रहे हैं, क्योंकि जिस ठेले पर शाहरुख ने एंट्री ली थी उस ठेले को सलमान ही धक्का लगा रहे थे।        

अब जब एक मंच में शाहरुख और सलमान हों तो मौज-मस्ती होना तो लाजमी है। लेकिन जब मंच पर हंसी के बादशाह यानी सुनील ग्रोवर ने एंट्री ली तो माहौल कुछ अलग ही बन गया। सुनील ग्रोवर ने शो में अमिताभ बच्चन बनकर एंट्री ली, सुनील का यह लुक और अंदाज देखकर लोगों ने हंस-हंस कर अपने पेट ही पकड़ लिए। सुनील ने जैसे ही अपनी कॉमेडी शुरू की तो दर्शकों का हंस-हंस कर बुरा हाल हो गया।

शो ‘दस का दम’ में अमिताभ बच्चन बनकर सुनील ने ‘कौन बनेगा करोड़पति’ का खेल शुरू कर दिया। इसके बाद हंसी के ठहाके लगते रहे।