अभिनेत्री प्रियंका चौपड़ा अपने पती निक जोनस के साथ भारत आईं हैं। जब से वह यहां आईं है तब से वह सोशल मीडिया पर छाईं हुईं हैं। पहले प्रियंका ने निक के साथ तस्वीर शेयर कर सब को अपनी और आकर्षित कर लिया। तो अब उन्होंने अपनी होने वाली भाभी की तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की है जो कि फैंस के लिए चर्चा का विषश बन गई है। 

प्रियंका और निक की भारत आने की क्या वजह है? इसको लेकर भी फैंस के मन में सवाल थे लेकिन अब इस तस्वीर से पता चल गया है। दरअसल प्रियंका-निक भाई सिद्धार्थ चोपड़ा की शादी के सिलसिले में इंडिया आए हैं। जिनकी इंगेजमेंट होते ही प्रियंका ने सोशल मीडिया पर होने वाले दूल्हा-दुल्हन की तस्वीरें शेयर की हैं।  

देसी गर्ल प्रियंका ने सोशल मीडिया पर दो तस्वीरें शेयर की हैं जिसमें उनके भाई सिद्धार्थ चोपड़ा अपनी मंगेतर के साथ नजर आ रहे हैं। प्रियंका ने तस्वीर के कैप्शन में लिखा, "तुम पर गर्व है मेरे बेबी ब्रदर। इशिता तुम्हारा परिवार में स्वागत है... तुम दोनों साथ में बहुत सुंदर लग रहे हो... तुम दोनों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं। हैप्पी रोका सिद्धार्थ और इशिता।'' 

हालांकि प्रियंका के भाई की शादी कब है इस बात का खुलासा नहीं हो पाया है। लेकिन सिद्धार्थ और इशिता का रिश्ता ऑफिशियली तय हो चुका है। बता दें इशिता कई दफा चोपड़ा फैमिली के साथ दिखाई देती रही हैं और वह परिवार के साथ तस्वीरें भी शेयर करती रहती हैं। 

बात करें प्रियंका चोपड़ा की आने वाली बॉलीवुड फिल्म की तो वह जल्द ही 'द स्काई इज पिंक' में नजर आने वाली हैं। प्रियंका लंबे समय बाद बॉलीवुड की फिल्म में नजर आएंगी। इस फिल्म के पहले बॉलीवुड में वह रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण के साथ 'बाजीराव मस्तानी' में काशीबाई की भूमिका में नजर आईं थी।