बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान और कैटरीना कैफ की फिल्म ‘भारत’ 5 जून को रिलीज होगी। फैंस को भी सलमान और कैटरीना की जोड़ी एक बार फिर बड़े पर्दे पर देखने का इंतजार है। 

इन दिनों फिल्म की स्टार कास्ट ‘भारत’ के प्रमोशन में बिजी चल रही है। लेकिन प्रमोशन के दौरान एक चीज अक्सर देखने को मिलती है कि, प्रमोशन में सलमान खान का कोई भी इंटरव्यू ऐसा नहीं होता, जब वह प्रियंका चोपड़ा पर फिल्म छोड़ने को लेकर ताना ना मारते हों।

हाल ही में अपने लेटेस्ट इंटरव्यू में सलमान खान एक बार फिर प्रिंयका चोपड़ा पर तंज कसते हुए नजर आए हैं। सलमान खान ने प्रियंका चोपड़ा को ताना मारते हुए कहा कि प्रियंका को भारत की स्क्रिप्ट बहुत पसंद आई थी, तो प्रियंका फिल्म का प्रमोशन तो कर ही सकती हैं।

इस इंटरव्यू में कैटरीना से उनके रोल के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, 'जब ये रोल लिखा गया, तब मैं वहां नहीं थी।' इसी बीच सलमान ने बोलते हुए कहा, वहां प्रियंका चोपड़ा थीं, जो कोशिश कर रही थीं।' लेकिन कटरीना ने सलमान को रोकते हुए कहा, रिलेक्स, रिलेक्स'। इसके बाद सलमान ने कहा, 'थैंक्यू प्रियंका।'

लेकिन सलमान यहीं नहीं रुके और प्रियंका चोपड़ा के प्रोफेशनल लाइफ के ऊपर पर्सनल लाइफ के चुनने पर तंज कसते हुए कहा,  'प्रियंका चोपड़ा ने भारत के ऊपर USA को चुना। उन्होंने अपनी जिंदगी में बहुत मेहनत की है। जब उन्हें उनकी जिंदगी की सबसे बड़ी फिल्म मिली, तब उन्होंने उस फिल्म को ठुकराकर शादी कर ली। हैट्स ऑफ! ऐसी फिल्मों के लिए लड़कियां अपने पति छोड़ देती हैं।'

बता दें इससे पहसे भी कई इंटरव्यू में सलमान को प्रियंका के खिलाफ कुछ न कुछ कहते हुए सुना गया है। एक बार सलमान ने कहा था, शुक्रिया प्रियंका, कैटरीना को उनके करियर का बेस्ट रोल देने के लिए। इसी दौरान सलमान खान ने यह भी कहा कि लड़कियां भारत जैसी फिल्म के लिए अपने पति छोड़ देती हैं और प्रियंका ने निक के लिए भारत को छोड़ दिया।