नई दिल्ली। 

पुलवामा में हुए आतंकी हमले पर विवादित बयान देने के बाद नवजोत सिंह सिद्धू को कड़ी आलोचना का शिकार होना पड़ा था। इसके बाद उन्हें कपिल शर्मा के शो से भी हाथ धोना पड़ा था। लेकिन अब शो से जुड़ी नई खबर सामने आई है। कहा जा रहा है कि शो के प्रोड्यूसर सलमान खान, सिद्धू को शो में वापस लाना चाहते हैं। 

मिली जानकारी के मुताबिक सोनी चैनल और सलमान मामला ठंडा होने के इंतजार कर रहे हैं। इसके बाद वह सिद्धू को शो में वापस ले आएंगे। शो से सिद्धू के बाहर होने के बाद अर्चना पूरन सिंह को लाया गया और वह जज की भूमिका निभा रही हैं।  

बता दें कि शो पर अर्चना पूरन सिंह को लाने की जानकारी सोनी टीवी ने अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल दी थी। लेकिन चैनल ने कभी भी सिद्धू को शो से बाहर निकालने की सूचना आधिकारिक तौर पर जारी नहीं की। इस दौरान कई ट्विटर यूजर्स ने अपना गुस्सा जाहिर करते कहा था कि चैनल सिद्धू को शो से बाहर निकाला गया है या नहीं यह सार्वजनिक करें। यूजर्स ने यह भी कहा था कि अगर चैनल ऐसा नहीं करता है तो वह चैनल को अनसब्सक्राइब करेंगे।

अब देखना यह है कि शो में सिद्धू की वापसी होती है या नहीं। और अगर होती भी है तो कब? लेकिन एक बात तो साफ है कि शो के दर्शक सिद्धू को नहीं देखना चाहते। इसके बावजूद भी अगर सिद्धू को वापस लाया गया तो एक बार फिर विवाद शुरू होने की पूरी सम्भावनाएं हैं।