बॉलीवुड अभिनेत्री सनी लियोनी की जल्द ही ‘वीरमादेवी’ आने वाली है। लेकिन फिल्म आने से पहले ही इसका विरोध शुरू हो गया है। कर्नाटक के कुछ संगठन ने इस फिल्म का विरोध करते हुए कई तरह की धमकियां भी दी हैं।

इस फिल्म का ज्यादा विरोध इसलिए भी किया जा रहा है क्योंकि इसमें सनी लियोनी को मुख्य भूमिका में लिया गया है। जो कि संगठन के लोगों को कतई मंजूर नहीं है।

कन्नड़ रक्षना वेदिके युवा सेना का कहना है कि सनी का इस फिल्म में होना एक ऐतिहासिक किरदार का अपमान है। इस संगठन ने धमकी दी है कि यदि फिल्म को नहीं रोका गया तो फिल्म ‘पद्मावत’ जैसा विरोध किया जाएगा।

रिपोर्ट के अनुसार कुछ युवाओं ने इस फिल्म के विरोध में ब्लेड से हथेली भी काट ली हैं।

संगठन के प्रमुख आर. हरीश का कहना है कि- यह सही नहीं है कि सनी लियोनी किसी ऐसे ऐतिहासिक किरदार को निभाएं, जिसने हिन्दू हितों का संरक्षण किया।

सनी लियोनी एडल्ट फिल्म स्टार के रूप में जानी जाती हैं। उन्हें ऐसा किरदार नहीं निभाना चाहिए, जो न सिर्फ कर्नाटक में बल्क‍ि पूरे देश में मशहूर हैं। कर्नाटक में वीरमादेवी के बनवाए हुए कई मंदिरों में आज भी पूजा होती है।