भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली ने बॉलीवुड के सुपर्स्टार्स को भी पीछे छोड़ दिया है। विराट भारतीय शख्सियतों में सबसे अधिक ब्रांड वैल्यू वाले व्यक्ति हैं। वह भारतीय शख्सियतों की सूची में लगातार दूसरे वर्ष शीर्ष स्थान पर हैं। वर्ष 2018 में उनकी ब्रांड वैल्यू 18 प्रतिशत चढ़कर 17.09 करोड़ डॉलर हो गई।

एक रिपोर्ट के मुताबिक इस लिस्ट में टॉप दस शख्सियतों में शाहरुख खान पांचवें स्थान पर हैं। 

वैश्विक मूल्यांकन से जुड़ी कंपनी डफ एंड फेल्प्स ने भारत के सबसे अधिक ब्रांड वैल्यू वाले लोगों की अपनी सूची के चौथे संस्करण में कहा है कि कोहली ने नवंबर, 2018 तक 24 ब्रांडों का प्रचार किया।

कोहली के बाद बॉलीवुड अभिनेत्री दीपिका पादुकोण का नंबर आता है। उन्होंने पिछले साल के मुकाबले एक पायदान की छलांग लगाई है। उनकी ब्रांड वैल्यू 10.25 करोड़ डॉलर आंकी गयी है।

नवंबर, 2018 तक 21 कंपनियों का प्रचार कर रही थीं। कोहली और दीपिका ही मात्र दो ऐसे भारतीय शख्सियत हैं, जिनकी ब्रांड वैल्यू 10 करोड़ डॉलर से ऊपर रही।

इस सूची में शामिल शीर्ष 20 शख्सियतों की ब्रांड वैल्यू 87.7 करोड़ डॉलर आंकी गई है, जिनमें शीर्ष दस लोगों की ही भागीदारी 75 प्रतिशत से अधिक है।

बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार और दीपिका के पति रणवीर की रैंकिंग भी बेहतर हुई है और ये दोनों क्रमश: तीसरे और चौथे स्थान पर हैं। दोनों की ब्रांड वैल्यू 6.73 करोड़ डॉलर और 6.3 करोड़ डॉलर आंकी गई है।

अभिनेता शाहरुख खान को नुकसान उठाना पड़ा है और वह 6.07 करोड़ डॉलर के साथ दूसरे से पांचवें स्थान पर खिसक गए हैं।