जम्मू: नार्दर्न आर्मी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल रणबीर सिंह ने अपने जवानों से अलर्ट रहने के लिए कहा है। उन्होंने यह आदेश सभी सिपाहियों और सैन्य अधिकारियों को दिया है। शुक्रवार को जारी किए गए इस बयान में सेना के सभी अंगों को मुस्तैद रहने के लिए कहा गया है। 

रणबीर सिंह ने बयान जारी करके कहा कि किसी भी संकट की स्थिति में सुरक्षा बलों की प्रतिक्रिया सशक्त और प्रभावी होनी चाहिए। जिस समय नार्दर्न आर्मी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल रणबीर सिंह यह आदेश जारी कर रहे थे, तब उनके साथ 16 कोर कमांडर के लेफ्टिनेंट जनरल परमजीत सिंह भी मौजूद थे। 

जम्मू कश्मीर में सेना लगातार चौकसी बरत रही है। भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारी लगातार नियंत्रण रेखा और अग्रिम चौकियों का दौरा करके वहां की व्यवस्था चुस्त दुरुस्त करने में लगे हुए हैं। लेफ्टिनेन्ट जनरल परमजीत सिंह ने राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा की अग्रिम चौकियों और रामबन जिले के सुदूरवर्ती इलाकों का दौरा किया। 

सेना के प्रवक्ता से मिली जानकारी के मुताबिक वह जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 के ज्यादातर प्रावधानों को हटाए जाने के बाद मौजूदा सुरक्षा स्थिति और अभियान की तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे।  लेफ्टिनेंट जनरल सिंह ने सैनिकों से यह सुनिश्चित करने को कहा कि विरोधियों को ‘सशक्त और प्रभावी' प्रतिक्रिया मिले। 

भारतीय सेना की यह चौकसी स्वाभाविक भी है, क्योंकि पाकिस्तान लगातार बॉर्डर पर अपनी फौजों का जमावड़ा बढ़ा रहा है। पिछली कुछ रातों में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान क्षेत्र में पाक रेंजर्स की बहुत ज्यादा गतिविधियां देखी गईं। रात के समय पाक सीमा के करीब कई  बडे़ वाहनों की आवाजाही होती रही। जिसकी आवाज दूर तक सुनाई दे रही थी। 

नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी फौज के जमावड़े से जुड़ी पूरी खबर यहां पढ़ें

यह घटनाक्रम आरएस पुरा की अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान क्षेत्र का था। इस इलाके में रहने वाले गांव के लोगों ने बताया कि इस इलाके में पहले पाकिस्तान के रेंजर्स कम संख्या में दिखाई देते थे। लेकिन पिछले दो दिनों से यहां उनकी गतिविधियों में जबरदस्त इजाफा हुआ है। 

रात के समय पाकिस्तान की तरफ से कई बड़े वाहन इस इलाके आते हुए दिखे थे। जिसकी वजह से लगता है पाकिस्तान ने इस इलाके में अपने सुरक्षा बलों की संख्या बढ़ा दी है।

भारत की तरफ से भी सीमा सुरक्षा बल ने इस इलाके में गश्त बढ़ा दी है। क्योंकि पाकिस्तान की गतिविधियों को देखते हुए इस इलाके में कभी भी संघर्ष की शुरुआत हो सकती है। 

ऐसी खबरें आ रही हैं कि आतंकवादी भारतीय सीमा में घुसकर फिदायीन(आत्मघाती) हमला भी कर सकते हैं। इसके अलावा पाकिस्तान की बदनाम बॉर्डर एक्शन फोर्स यानी बैट के जवान भी भारतीय सेना के जवानों पर हमला करने की फिराक में लगे हुए हैं।