दिल्ली पर प्रदूषण का कहर, हवा में बढ़ता जा रहा है जहर

Published : Oct 27, 2018, 01:06 PM IST
दिल्ली पर प्रदूषण का कहर, हवा में बढ़ता जा रहा है जहर

सार

दिल्ली-एनसीआर की हवा दिन पर दिन और जहरीली होती जा रही है। अगले कुछ दिन देश के दिल में रहने वाले लोगों के फेफड़ों पर बहुत भारी पड़ेंगे। खास तौर पर बूढ़ों और बच्चों को अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखना होगा। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने इस बारे में चेतावनी जारी कर दी है। 

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) ने बताया है कि दिल्ली-एनसीआर की हवा पिछले कुछ दिनों से ज्यादा खराब होती जा रही है और आने वाले दिनों में स्थिति और भी बिगड़ने की आशंका है। 

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने भी कहा है कि 1 नवंबर से मौसम की स्थिति और ज्यादा खराब हो सकती है। क्योंकि पंजाब व हरियाणा में जलने वाली पराली से उठने वाले धुएं का रुख दिल्ली की ओर हो चुका है। तेज चलने वाली हवाओं के सहारे जल्दी ही यह दिल्ली-एनसीआर की सीमा में प्रवेश कर जाएगा। यह पहले से ही जारी वायु प्रदूषण को और भी ज्यादा बढ़ा देगा। 

हालांकि प्रदूषण की स्थिति में लागू किए जाने वाले आपातकालीन उपाय दिल्ली-एनसीआर में बीते 15 अक्तूबर से लागू किए जा चुके हैं।

विशेषज्ञों के मुताबिक 1 से 15 नवंबर के बीच का समय सबसे कठिन हो सकता है। इस दौरान सर्वाधिक पराली जलाई जाती है। वहीं, 7 नवंबर को दिवाली भी है। साथ ही, सर्दी भी बढ़ रही है और हवा की गति भी कम हो गई है। इससे दिल्ली में प्रदूषण और बढ़ेगा।

ताजा स्थिति यह है कि देश के सबसे वीआईपी इलाके राजपथ के पास धुंध की वजह से सुबह में सब कुछ धुंधला सा दिखाई दे रहा है। प्रदूषण की वजह से सुबह के वक्त इंडिया गेट भी मुश्किल से दिख रहा है।  

केंद्र की वायु गुणवत्ता पूर्वानुमान और अनुसंधान प्रणाली ने भी वायु गुणवत्ता सूचकांक यानी एक्यूआई ‘बेहद खराब’ श्रेणी का दर्ज किया।  केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड यानी सीपीसीबी के आंकड़ों के अनुसार, फरीदाबाद, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और गुड़गांव में भी वायु गुणवत्ता का स्तर शुक्रवार को ‘बहुत खराब’ श्रेणी का दर्ज किया गया। 

PREV

MyNation Hindi पर पाएं आज की ताजा खबरें (Aaj Ki Taza Khabar)। यहां आपको राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, ब्रेकिंग न्यूज़ और देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं की तुरंत और भरोसेमंद जानकारी मिलती है। राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन और टेक सहित हर बड़ी खबर पर रहें अपडेट—तेज, सटीक और आसान भाषा में।

Recommended Stories

CBSE Result 2026: सूरत के व्हाइट लोटस इंटरनेशनल स्कूल का शानदार प्रदर्शन, 10वीं में 100% रिजल्ट और संस्कृत में 100/100 की विशेष उपलब्धि
CBSE Board 10th Result 2026: गौतम क्लासेस का कमाल, 100% रिजल्ट के साथ छात्रों में 20% तक सुधार