मध्य अफ्रीका में स्थित एक देश कांगो में एक टैंकर ट्रक और ट्रक के बीच टक्कर के बाद आग लगने के कारण कम से कम 50 लोगों की मौत हो गई जबकि 100 अन्य लोग बुरी तरह झुलस गए।

अधिकारियों और प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टैंकर ट्रक और दूसरी ट्रक में टक्कर के बाद आस-पास के गांव के लोग उससे लीक हो रहा ईंधन जमा करने पहुंच गए। उसी दौरान अचानक वाहन में आग लगने से यह हादसा हुआ।

इस भीषण हादसे के बाद कांगो गणराज्य के राज्यपति जोसफ कबीला ने तीन दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। यह हादसा राजधानी किंसासा से करीब 200 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में मबुबा गांव के पास देर रात में हुआ। यह गांव राजधानी और मातादी बंदरगाह को जोड़ने वाले मुख्य राजमार्ग पर स्थित है।

कांगो के स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि आग जल्द ही आस-पास के मकानों में फैल गई। घटना के कारणों की जांच की जा रही है। मंत्रालय ने हादसे के बाद की स्थिति की एक तस्वीर भी ट्वीट की है। उसमें टैंकर काला पड़ा हुआ और क्षतिग्रस्त दिख रहा है।

मंत्रालय के अनुसार, हादसे के बाद टैंकर ट्रक का चालक फरार हो गया जबकि ट्रक के चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मौके से 20 जले हुए शव निकाले गए हैं वहीं चार अन्य लोगों की अस्पताल पहुंचने पर मौत हो गई।

बयान के अनुसार, मृतकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। कांगो के मध्य प्रांत अतु मातुबुआना के अंतरिम गवर्नर के मुताबिक कम से कम 50 लोग मारे गए हैं। अधिकारी अंतिम संस्कार के लिए शवों की पहचान करने में जुटे हुए हैं। कांगो में मौजूद संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन का कहना है कि उसने घायलों को सहायता की पेशकश की है। उसने नौ एम्बुलेंस भेजे हैं।