नई दिल्ली: नए ब्रिटिश प्रधानमंत्री को एक वैश्विक नागरिक कहा जा सकता है। क्योंकि उनके दुनिया के दो बड़े लोकतांत्रिक देशों से बड़ा घनिष्ठ संबंध है। उनका जन्म न्यूयॉर्क में हुआ था। हालांकि उनके माता और पिता दोनों ही ब्रिटिश थे। इसलिए बोरिस जॉनसन के पास अमेरिका और ब्रिटेन दोनो की ही नागरिकता मौजूद है। उन्होंने ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की है।

यह तो हुई पैदाइश की बात। लेकिन जब बोरिस जॉनसन बड़े हो गए तो उन्होंने अपनी पसंद से दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र भारत के साथ रिश्ता कायम किया। उनकी पत्नी मरीना व्हीलर क्यूसी भारतीय सिख हैं।  

दरअसल बोरिस जॉनसन की सास यानी उनकी पत्नी मरीना की माता दीप व्हीलर सिख थीं। उनकी शादी भारत के मशहूर पत्रकार खुशवंत सिंह के छोटे भाई दलजीत सिंह के साथ हुई थी। जिसके बाद उन्होंने ब्रिटेन के पत्रकार चार्ल्स व्हीलर से दूसरी शादी की थी। 

लेकिन बोरिस जॉनसन की पत्नी मरीना दलजीत और दीप की ही बेटी हैं और पूरी तरह भारतीय सिख हैं। हालांकि दूसरी शादी के बाद उनके सौतेले पिता चार्ल्स व्हीलर ने उन्हें अपना नाम दिया था।  

भारत से इसी कनेक्शन की वजह से बोरिस जॉनसन का एक पैर हमेशा भारत में ही रहता है। बोरिस और मरीना के खुशवंत सिंह के परिवार से बड़े गहरे संबंध रहे हैं। इन्हीं संबंधों के कारण वह हमेशा इंडिया आते जाते रहे हैं। उन्होंने कई भारतीय शादियों में भी शिरकत की है। वह जब भी भारत आते थे तो या तो अपनी पत्नी के परिवार के साथ ही दिल्ली या मुंबई में ठहरना पसंद करते थे। 

बोरिस जॉनसन जितना ज्यादा भारत से जुड़े हुए हैं उतना गहरा संबंध किसी और ब्रिटिश प्रधानमंत्री का भारत से कभी नहीं रहा है।  

इसके अलावा बोरिस जॉनसन को ब्रिटेन में दक्षिणपंथी झुकाव वाला माना जाता है। उन्होंने ही ब्रिटेन के यूरोपियन यूनियन से अलग होने के अभियान का प्रतिनिधित्व किया था। जिसकी दक्षिणपंथी विचारों की वजह से वह वर्तमान भारतीय राजनीति के रुझान को पसंद करते हैं। 

हाल ही में वह एक मीडिया संस्थान के कॉनक्लेव में शामिल होने के लिए नई दिल्ली आए हुए थे। जिसमें उन्होंने साफ तौर पर कहा था कि वह भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से बेहद प्रभावित हैं। क्योंकि पीएम मोदी जिस तरह गरीबी के खिलाफ जंग की बात करते हैं। वह उन्हें बेहद पसंद आती है।